टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक बार फिर दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के पीलूर गांव में नक्सलियों ने दो शिक्षा दूतों की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि माओवादी पहले दोनों को उनके घर से अगवा कर जंगल ले गए थे और फिर उनकी हत्या कर दी। आज सुबह दोनों शिक्षा दूतों का शव खून से लथपथ हालत में जंगल में मिला।

मारे गए शिक्षा दूतों में से एक की पहचान विनोद मेड के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, दोनों को धारदार हथियारों से वार कर मौत के घाट उतारा गया। नक्सलियों ने उन पर मुखबिरी का आरोप लगाया था।

स्कूल खुलने पर माओवादियों की नाराजगी?

See also  छत्तीसगढ़: बर्खास्त शिक्षकों के समर्थन में उतरे सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सीएम को लिखा पत्र

गांव में लंबे समय से बंद स्कूलों को हाल ही में दोबारा शुरू किया गया था, और इन्हीं स्कूलों में दोनों शिक्षा दूतों की नियुक्ति हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि स्कूलों के पुनः खुलने से माओवादी नाराज थे और इसे सरकारी उपस्थिति का प्रतीक मानते हुए उन्होंने इस वीभत्स घटना को अंजाम दिया। इस दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।