रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट (बिलासा देवी केंवटिन हवाई अड्डा) के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। भारत सरकार के नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने इस एयरपोर्ट को 3C-VFR से अपग्रेड कर 3C-All Weather Operations (IFR) श्रेणी में शामिल करने की आधिकारिक स्वीकृति दे दी है।

बता दें कि अब तक बिलासपुर एयरपोर्ट पर केवल साफ मौसम में ही विमान संचालन संभव था, जिससे बारिश या धुंध के दौरान उड़ानें रद्द करनी पड़ती थीं। IFR (Instrument Flight Rules) की सुविधा मिलने से अब खराब विजिबिलिटी और रात के समय भी विमान सुरक्षित लैंड और टेक-ऑफ कर सकेंगे, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी कई गुना बढ़ जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए दूरगामी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के बाद अब बिलासपुर एयरपोर्ट पर साल के 365 दिन और हर मौसम में विमान संचालन संभव होगा। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी जबरदस्त मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि ऑल वेदर ऑपरेशन शुरू होने से बिलासपुर और आसपास के जिलों में औद्योगिक निवेश, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यह निर्णय राज्य को राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाएगा। इस उपलब्धि के लिए सीएम साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू का आभार व्यक्त किया है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।