रायपुर। कॉल मी सर्विस ठेका कंपनी के खिलाफ कर्मचारियों का गुस्सा उभरकर सामने आया है। अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारियों ने काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी है। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं किया जा रहा है।

कर्मचारियों ने की शिकायतें

  • ईपीएफ और ईएसआईसी में गड़बड़ी: कर्मचारी आरोप लगा रहे हैं कि उनके ईपीएफ और ईएसआईसी में गंभीर अनियमितताएं की जा रही हैं।
  • ज्वाइनिंग/एक्सपीरियंस लेटर नहीं मिलना: कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें ज्वाइनिंग और एक्सपीरियंस लेटर नहीं दिए जा रहे हैं, जिससे उनकी नौकरी बदलने पर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
  • आईडी कार्ड में भेदभाव: आईडी कार्ड में एम्स की जगह “आउटसोर्स” लिखा जा रहा है, जो भेदभाव का संकेत है। साथ ही, कई कर्मचारियों को आईडी कार्ड भी नहीं दिए जा रहे हैं।
  • बोनस और एरियर्स न मिलना: कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें न तो बोनस मिल रहा है और न ही एरियर्स दिए जा रहे हैं।
  • वर्दी नहीं दी: कर्मचारियों ने कहा है कि उन्हें कंपनी द्वारा आवश्यक वर्दी भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
  • छुट्टी और रिलीवर में दिक्कतें: छुट्टी पर जाने वाले कर्मचारियों के लिए रिलीवर की व्यवस्था में भी समस्या है, जिससे उन्हें काम के दौरान अतिरिक्त मानसिक और शारीरिक दबाव झेलना पड़ता है।
  • कर्मचारी का बिना कारण निकाला जाना: दो साल पहले एक सहकर्मी को बिना किसी ठोस कारण के नौकरी से निकाल दिया गया था। उसकी वापसी की अपील को कंपनी लगातार नजरअंदाज कर रही है, जिससे उसके परिवार की आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई है और बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो गई है।
See also  मेकाहारा से ‘कॉल मी सर्विस’ का ठेका निरस्त कराने स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने किया प्रदर्शन, कर्मचारियों के शोषण और भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

कर्मचारियों ने दी चेतावनी

कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। उनके अनुसार, कंपनी की लगातार अनदेखी और मनमानी ने उन्हें इस कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।