रायपुर। CG Liquor Scam: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में लगातार बड़े नामों की गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है। झारखंड की रांची जेल में बंद शराब कारोबारी और ओम साईं बेवरेज कंपनी के डायरेक्टर अतुल सिंह और मुकेश मनचंदा को शुक्रवार को रायपुर लाया गया। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर लिया और रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया।

कोर्ट ने सुनवाई के बाद दोनों आरोपियों को 6 सितंबर तक ईओडब्ल्यू की रिमांड पर भेज दिया। अब एजेंसी दोनों से घोटाले में उनकी भूमिका और नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ करेगी।

मिली जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी पिछले कुछ समय से झारखंड के शराब घोटाले मामले में रांची जेल में बंद थे। अब छत्तीसगढ़ में दर्ज मामले में प्रोडक्शन वारंट पर इन्हें रायपुर लाया गया। EOW-ACB की जांच में सामने आया है कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में विदेशी शराब पर कमीशन वसूली का बड़ा खेल हुआ था। इसी प्रकरण में ओम साईं बेवरेज कंपनी के डायरेक्टर अतुल और मुकेश की भी संलिप्तता सामने आई। बता दें कि दोनों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज है। जांच एजेंसी का आरोप है कि इनके जरिए सरकारी तंत्र को करोड़ों का नुकसान पहुंचाया गया।

See also  24 ट्रेनों को रेलवे ने किया ​रद्द, 3 ट्रेनों का डायवर्ट रूट से होगा परिचालन

इससे पहले इसी कंपनी के मुख्य लाभार्थी विजय भाटिया को गिरफ्तार किया गया था। अब EOW की टीम अतुल और मुकेश से पूछताछ करेगी जिसमें नए खुलासे की उम्मीद है।

जांच अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2020-21 में छत्तीसगढ़ में लागू की गई नई आबकारी नीति के तहत विदेशी शराब की आपूर्ति का ठेका तीन निजी कंपनियों को दिया गया था। इन पर लगभग 248 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता का आरोप है।

  • ओम साईं बेवरेज प्रा. लि.
  • नेक्सजेन पावर इंजिटेक प्रा. लि.
  • दिशिता वेंचर्स प्रा. लि.

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।