रायपुर। CG News : रायपुर में टेरर फंडिंग से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने एक और कार्रवाई की है। एजेंसी ने राजू खान की लगभग 6.34 लाख रुपये की संपत्ति को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत अस्थायी रूप से अटैच किया है। यह मामला स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया और इंडियन मुजाहिद्दीन जैसे प्रतिबंधित संगठनों से जुड़ा बताया जा रहा है।

जांच एजेंसी के अनुसार, खमतराई थाने में दर्ज एफआईआर में पाकिस्तान के खालिद नाम के व्यक्ति का जिक्र है, जो भारत में बैंक खातों के जरिए पैसों का लेनदेन करवा रहा था। खालिद के निर्देश पर धीरज साव ने कई खातों का इस्तेमाल किया और जुबैर हुसैन, आयशा बानो तथा राजू खान जैसे लोगों तक पैसे पहुंचाए।

तफ्तीश में सामने आया कि इस नेटवर्क में राजू खान की भूमिका बेहद अहम थी। उसके बैंक खाते में 48.82 लाख रुपये नकद जमा हुए, जिनमें से उसने 42.47 लाख रुपये प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े लोगों तक पहुंचाए। वहीं करीब 6.34 लाख रुपये यानी लगभग 13 प्रतिशत राशि उसने कमीशन के रूप में अपने पास रख ली।

ईडी ने अब तक इस केस में कुल 9.15 लाख रुपये की संपत्तियां अटैच की हैं। एजेंसी का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही अन्य लोगों की भूमिका भी उजागर हो सकती है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।