News collage representing five major news stories of Chhattisgarh
बीजापुर में नक्सल पीड़ितों का प्रदर्शन, हसदेव में EC को चुनौती और रायपुर में बैरिकेडिंग समेत छत्तीसगढ़ की 5 बड़ी खबरें।

CG TOP 5 News: छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक, राजनीतिक और स्वास्थ्य से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। सुकमा जिले के पोलमपल्ली बालिका पोटाकेबिन में 2 दिन में 47 छात्राएं उल्टी, दस्त और बुखार से बीमार पड़ गई हैं, जिन्हें इलाज के लिए दोरनापाल अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। दूसरी ओर, रायपुर में शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार के खिलाफ ‘चीनी सत्याग्रह’ का ऐलान किया है।

वहीं बलरामपुर के शंकरगढ़ में शिक्षकों से होम लोन के नाम पर 32 लाख 52 हजार रुपये की ठगी के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है। इसके अलावा पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव जगदलपुर पहुंचे हैं और पखांजूर में कांग्रेस ने जर्जर सड़क की मरम्मत के लिए नींबू काटकर अनोखा प्रदर्शन किया है।

पोटाकेबिन में 47 छात्राएं बीमार, दोरनापाल अस्पताल में भर्ती

सुकमा जिले के पोलमपल्ली स्थित बालिका पोटाकेबिन में छात्राओं के बीमार होने से अफरा-तफरी का माहौल है। 2 दिन के भीतर 47 छात्राओं में बुखार, उल्टी और दस्त के लक्षण दिखे हैं। हालत बिगड़ने पर उन्हें दोरनापाल अस्पताल ले जाया जा रहा है। पोटाकेबिन में रहने वाली करीब 350 छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

शक्कर के बढ़ते दामों पर कांग्रेस का ‘चीनी सत्याग्रह’

रायपुर में शक्कर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने घोषणा की है कि पार्टी जल्द ही ‘चीनी सत्याग्रह’ शुरू करेगी। बैज ने कहा कि शक्कर के दाम बढ़ने से आम जनता पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है और सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हुई है।

होम लोन के नाम पर करोड़ों की ठगी, बलरामपुर में आरोपी गिरफ्तार

सरगुजा और बलरामपुर जिलों में शिक्षकों और कर्मचारियों को कर्ज के जाल में फंसाने वाले गिरोह के खिलाफ बलरामपुर के शंकरगढ़ थाने में नई एफआईआर दर्ज हुई है। एक शिक्षक की 32 लाख 52 हजार रुपये की ठगी की शिकायत पर पुलिस ने आज एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह रजिस्टर्ड संस्था के नाम पर करीब 200 कर्मचारियों को निशाना बना चुका है। आरोपी स्वीकृत लोन की 30-40% राशि पीड़ित को देकर 60% राशि अपने खाते में जमा कर लेते थे और पीड़ितों की जानकारी के बिना उनके नाम से पर्सनल लोन भी निकलवा लेते थे।

जगदलपुर पहुंचे पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव

पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव दो दिवसीय प्रवास पर जगदलपुर पहुंचे हैं। वे 30 अगस्त को गणपति रिसोर्ट में आयोजित होने वाले कांग्रेस के संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे। जगदलपुर एयरपोर्ट पर टीएस सिंहदेव ने मीडिया से बातचीत करते हुए संगठनात्मक प्रशिक्षण, यूथ कांग्रेस चुनाव और बिलासपुर में हुई हिंसा की घटना पर खुलकर अपनी बात रखी।

पखांजूर में जर्जर सड़क पर कांग्रेस का नींबू-टोटका प्रदर्शन

पखांजूर में माइंस के भारी वाहनों के कारण खराब हुई सड़क की मरम्मत को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जर्जर सड़क पर नींबू काटकर विरोध जताया और स्थानीय भाजपा सांसद भोजराज नाग पर तंज कसा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सांसद टोना-टोटका में विश्वास रखते हैं, इसलिए उसी तर्ज पर नींबू काटा जा रहा है ताकि सड़क जल्द ठीक हो सके।