गुरुवार, 8 अक्तूबर 2026 गुरु, 8 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
छत्तीसगढ़

CG Top 5 News: महाधिवक्ता कार्यालय में 3 इस्तीफे से लेकर पथरिया के निजी अस्पताल पर कार्रवाई तक, छत्तीसगढ़ की 5 बड़ी खबरें

CG Top 5 News: छत्तीसगढ़ में आज प्रशासनिक कार्रवाई से लेकर हाईकोर्ट के महाधिवक्ता कार्यालय में बदलाव और बाघ शिकार मामलों की CBI जांच तक कई अहम अपडेट हैं। वहीं ओपन स्कूल के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा की तारीखें जारी हुई हैं और कोरबा में निर्माण कार्य में लापरवाही पर कार्रवाई की गई है। 1. […]

CG Top 5 News
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

CG Top 5 News: छत्तीसगढ़ में आज प्रशासनिक कार्रवाई से लेकर हाईकोर्ट के महाधिवक्ता कार्यालय में बदलाव और बाघ शिकार मामलों की CBI जांच तक कई अहम अपडेट हैं।

वहीं ओपन स्कूल के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा की तारीखें जारी हुई हैं और कोरबा में निर्माण कार्य में लापरवाही पर कार्रवाई की गई है।

1. महाधिवक्ता कार्यालय में बड़ा फेरबदल, 3 विधि अधिकारियों ने दिया इस्तीफा

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में राज्य शासन की ओर से पैरवी करने वाले महाधिवक्ता कार्यालय में बड़ा बदलाव हुआ है। कार्यालय के तीन विधि अधिकारियों ने एक साथ अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। त्यागपत्र में तीनों ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है। इस्तीफा देने वालों में उप महाधिवक्ता डॉ. सौरभ कुमार पांडेय, गवर्नमेंट एडवोकेट शैलजा शुक्ला और डिप्टी गवर्नमेंट एडवोकेट नितांश जायसवाल शामिल हैं। तीनों ने 6 अक्टूबर 2026 से पद छोड़ने के संबंध में त्यागपत्र सौंपा है। महाधिवक्ता कार्यालय ने इस्तीफे विधि एवं विधायी कार्य विभाग के प्रमुख सचिव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिए हैं।

2. कोरबा में निर्माणाधीन मंच का छज्जा गिरा, सब इंजीनियर सस्पेंड

कोरबा के मुड़ापार दशहरा मैदान के पास निर्माणाधीन मंच का छज्जा गिरने के मामले में नगर पालिक निगम ने कार्रवाई की है। निगम प्रशासन ने पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन की सब इंजीनियर अशमा दहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निर्माण एजेंसी मेसर्स अश्वनी हाईकोर को भी एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। यह कार्रवाई लापरवाही के मामले में की गई है।

3. पथरिया के निजी अस्पताल में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, OT और ICU सील

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश और CMHO डॉ. एस.के. गुप्ता के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 7 अक्टूबर को पथरिया ब्लॉक के निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आकृति हॉस्पिटल, पथरिया में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर OT और ICU को सील कर दिया गया। बताया गया कि CM हेल्पलाइन 1076 पर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण टीम में NHM के जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरीश कुर्रे, जिला नोडल अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार, खण्ड चिकित्सा अधिकारी पथरिया डॉ. अमित लाल और नर्सिंग होम एक्ट प्रभारी लिपिक एम.एल. टाण्डे शामिल थे।

4. छत्तीसगढ़ के बाघ शिकार मामलों की जांच अब CBI करेगी

छत्तीसगढ़ में बाघों के शिकार और उनकी खाल-पंजों की तस्करी से जुड़े दो वन अपराध मामलों की जांच अब CBI करेगी। राज्य सरकार ने कांकेर और इंद्रावती टाइगर रिजर्व से जुड़े मामलों की जांच CBI को सौंपने पर सहमति दे दी है। गृह विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। सरकार की मंजूरी के बाद CBI इन मामलों से जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क की पड़ताल कर सकेगी। जांच में बाघ के शिकार से लेकर उसकी खाल और पंजों की तस्करी तक की पूरी कड़ी की जांच की जाएगी।

5. ओपन स्कूल की तीसरी परीक्षा 23 नवंबर से, 10वीं-12वीं का टाइम टेबल जारी

छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की 10वीं और 12वीं की तीसरी परीक्षा 23 नवंबर 2026 से शुरू होगी। हाईस्कूल की परीक्षा 8 दिसंबर तक और हायर सेकंडरी की परीक्षा 10 दिसंबर तक चलेगी। छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने दोनों कक्षाओं की परीक्षा समय-सारणी जारी कर दी है। लिखित परीक्षाओं के साथ दोनों कक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षाएं भी होंगी। विद्यार्थियों को परीक्षा की तारीख और समय का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

Deeksha Mishra
लेखक / पत्रकार:

Deeksha Mishra

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन