CG Top 5 News: छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का बिलासपुर दौरा, सूरजपुर दोहरे हत्याकांड में मुख्य आरोपी की हिरासत और निजी मेडिकल कॉलेजों की फीस पर कार्रवाई आज की प्रमुख खबरें हैं।
वहीं, मंत्रालयीन कर्मचारियों के लिए बस सेवा जारी रहने की जानकारी सामने आई है। धमतरी में AI आधारित कैमरों से यातायात नियमों की निगरानी की तैयारी भी की जा रही है।
1. बिलासपुर पहुंचे मोहन भागवत, RSS के संगठनात्मक ढांचे में बदलाव पर नजर
RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत दो दिवसीय प्रवास पर गुरुवार शाम बिलासपुर पहुंचे। कड़ी सुरक्षा के बीच रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद वे कोनी स्थित सरस्वती आवासीय विद्यालय के लिए रवाना हुए। संघ सूत्रों के मुताबिक, दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ में संगठन के ढांचे में बदलाव पर चर्चा संभव है। फिलहाल राज्य में RSS का एक प्रांत प्रमुख पद है, जिसके पास पूरे प्रदेश की जिम्मेदारी है। प्रस्तावित बदलाव के तहत छत्तीसगढ़ प्रांत को रायपुर और बिलासपुर, दो हिस्सों में बांटने पर विचार किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 11 विभाग हैं। संभावित विभाजन के बाद रायपुर के अंतर्गत छह और बिलासपुर के अंतर्गत पांच विभाग आ सकते हैं। इसके साथ मौजूदा प्रांत प्रमुख पद को समाप्त कर नए पद बनाने पर भी निर्णय हो सकता है। हालांकि, संगठनात्मक बदलावों पर अंतिम फैसले की पुष्टि नहीं हुई है।
2. सूरजपुर हत्याकांड में मुख्य आरोपी दूसरे राज्य से हिरासत में
सूरजपुर जिले में स्कूल शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके 12वीं में पढ़ने वाले बेटे सुजल बरेठ की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को दूसरे राज्य से हिरासत में लिया है। अंबिकापुर साइबर सेल और सूरजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। गुरुवार को आरोपी को घटनास्थल पर ले जाया गया, जहां पुलिस ने क्राइम सीन का रिक्रिएशन कराया।
3. MBBS छात्रों की फीस पर AFRC सख्त, कॉलेजों से 7 दिन में जवाब तलब
छत्तीसगढ़ के निजी मेडिकल कॉलेजों में MBBS छात्रों से हॉस्टल और ट्रांसपोर्ट फीस वसूले जाने की शिकायतों पर प्रवेश तथा फीस विनियामक समिति (AFRC) ने कार्रवाई की है। समिति ने रायपुर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (RIMS) समेत संबंधित कॉलेजों को शो-कॉज नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा है। AFRC के मुताबिक, हॉस्टल, मेस और ट्रांसपोर्ट सुविधाएं वैकल्पिक हैं, अनिवार्य नहीं। जो छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहते, उन्हें डे-स्कॉलर के तौर पर पढ़ने से नहीं रोका जा सकता। समिति ने यह भी निर्देश दिया है कि अंतिम निर्णय होने तक किसी छात्र पर इन सुविधाओं के लिए दबाव नहीं डाला जाए।
4. मंत्रालय की स्टाफ बस सेवा 1 नवंबर के बाद भी जारी रहेगी
छत्तीसगढ़ मंत्रालय और नवा रायपुर स्थित संचालनालयों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। मंत्रालय स्टाफ बस सेवा 1 नवंबर के बाद भी जारी रहेगी। बस सेवा बंद होने की खबरों के बीच मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्रकांत पांडे और सचिव ने वित्त विभाग तथा रजिस्ट्रार शाखा के अधिकारियों के साथ चर्चा की। चर्चा के बाद पांडे ने कर्मचारियों को बताया कि नई निविदा की प्रक्रिया पूरी होने तक बसों का संचालन जारी रहेगा।
5. धमतरी में AI कैमरों से होगी ट्रैफिक निगरानी, ई-चालान से कार्रवाई
धमतरी शहर में यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) विकसित किया जा रहा है। इस पहल के तहत प्रमुख चौक-चौराहों पर AI आधारित कैमरों से निगरानी की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन सामने आने पर नियमानुसार ई-चालान के जरिए कार्रवाई की जा सकेगी। यह कदम महापौर रामू रोहरा की पहल पर उठाया जा रहा है।



