CG Top 5 news
CG Top 5 news

CG Top 5 News: छत्तीसगढ़ में आबकारी विभाग की कड़ी कार्रवाई से लेकर फिल्मों को टैक्स फ्री करने और नेशनल हाईवे पर दुर्घटना तक की 5 प्रमुख खबरें सामने आई हैं। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में अवैध शराब सामग्री मिलने पर जिला आबकारी अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है।

वहीं रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ को राज्य में टैक्स फ्री करने का फैसला लिया है। इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पुलिस अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई, कोरबा-अंबिकापुर हाईवे पर ज्वलनशील टैंकर में आग और एसईसीएल मानिकपुर परियोजना के प्रभावित ग्रामीणों के विरोध की खबरें प्रमुखता में हैं।

कांकेर: किराए के मकान से मिलीं 4,409 खाली बोतलें, DEO सस्पेंड

कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में एक किराए के मकान से 4,409 खाली बोतल-पौवा, हजारों ढक्कन, स्टीकर और होलोग्राम बरामद किए गए। शराब से जुड़ी इस गंभीर अनियमितता पर आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिला आबकारी अधिकारी (DEO) को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही मामले में दोषी पाए जाने वाले प्लेसमेंट कर्मचारियों को जेल भेजने और संबंधित सेल्समैन व आबकारी इंस्पेक्टर के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

रायपुर: फिल्म ‘हनुमान अंश’ छत्तीसगढ़ में होगी टैक्स फ्री

नीम करौली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरुवार को रायपुर के जोरा स्थित मॉल में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग देखने पहुंचे थे, जहां उनके साथ मंत्रिमंडल के सहयोगी और वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे। उत्तराखंड की तर्ज पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ में इस फिल्म को टैक्स फ्री करने का फैसला लिया है।

बिलासपुर रेंज: NDPS केस डायरी में लापरवाही पर थाना प्रभारी पर लगा जुर्माना

बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने पुलिसिया कार्यप्रणाली में अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई की है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के थाना डोंगरीपाली में एक एनडीपीएस (NDPS) मामले की केस डायरी तैयार करने में गंभीर लापरवाही और निर्देशों की अवहेलना पाई गई। पदीय कदाचरण पर आईजी ने थाना प्रभारी और विवेचक दोनों पर अर्थदंड (जुर्माना) लगाया है, जबकि पर्यवेक्षणीय त्रुटि पाए जाने पर उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पर अप्रसन्नता व्यक्त की है।

कोरबा-अंबिकापुर हाईवे: पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में लगी भीषण आग

कोरबा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरसियां के पास 2 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल से भरे एक टैंकर में अचानक आग लग गई। टैंकर से आग की ऊंची लपटें उठने और संभावित विस्फोट के डर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के चलते नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रुक गई और सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

कोरबा: 1963-64 की अधिग्रहित जमीन का मुआवजा और रोजगार मांग रहे ग्रामीण

कोरबा क्षेत्र की एसईसीएल (SECL) मानिकपुर परियोजना के तहत भिलाई खुर्द और आसपास के ग्रामीणों ने 25 सितंबर को प्रस्तावित पर्यावरण जनसुनवाई से पहले अपनी मांगें रखी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 1963-64 में ली गई जमीन के बदले जिन परिवारों को अब तक मुआवजा, रोजगार और पुनर्वास नहीं मिला है, पहले उनके अधिकारों का समाधान किया जाए। ग्रामीणों ने 25 सितंबर की जनसुनवाई से पहले प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन के साथ बिंदुवार चर्चा के लिए बैठक बुलाने की मांग की है।