रायपुर। CGBSE Result 2026 : छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की 10वीं और 12वीं की परीक्षा दे चुके लाखों परीक्षार्थियों का इंतजार कल खत्म होने जा रहा है। प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट साझा करते हुए परिणामों की आधिकारिक तिथि और समय की घोषणा कर दी है।

CGBSE Result 2026 : इंतज़ार की घड़ियाँ अब समाप्त – शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए लिखा कि कल यानी 29 अप्रैल 2026 को दोपहर 02:30 बजे हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा के परिणाम औपचारिक रूप से घोषित किए जाएंगे। उन्होंने इसे केवल अंकों की घोषणा नहीं, बल्कि छात्रों के अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल बताया। मंत्री ने छात्रों से अपील की है कि वे परिणाम को सकारात्मक दृष्टिकोण से स्वीकार करें।
टॉपर्स का होगा सम्मान, जारी होगी मेरिट लिस्ट
नतीजों की घोषणा के साथ ही माध्यमिक शिक्षा मंडल प्रदेश स्तरीय मेरिट लिस्ट भी जारी करेगा। शासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 10वीं और 12वीं बोर्ड में टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं को राज्य सरकार विशेष रूप से सम्मानित करेगी।


