रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अगुवाई वाली भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। 10 अप्रैल तक कैबिनेट विस्तार होने के प्रबल संकेत मिल रहे हैं। इस बीच 8 अप्रैल यानी आज भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन रायपुर दौरे पर हैं, और उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश भी पहुंच रहे हैं। दोनों नेता 9 अप्रैल को राजधानी रायपुर में पार्टी संगठन की महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।

अमर अग्रवाल और गजेंद्र यादव का नाम लगभग तय

पार्टी सूत्रों की मानें तो बिलासपुर से विधायक और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल तथा दुर्ग से विधायक गजेंद्र यादव का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान इन दोनों नामों पर सहमति बनी थी। माना जा रहा है कि संगठन और सरकार के बीच अंतिम बातचीत के बाद इन नामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

See also  मक्का-धान छोड़कर कांकेर के किसान उगा रहे ड्रैगन फ्रूट, हो रही मोटी आय

अमर अग्रवाल पहले भी वित्त, स्वास्थ्य और नगरीय प्रशासन जैसे अहम मंत्रालय संभाल चुके हैं। वहीं गजेंद्र यादव, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रांत संघचालक बिसराराम यादव के पुत्र हैं।

यादव समाज को साधने की रणनीति

भाजपा की इस रणनीति के पीछे एक बड़ा सामाजिक समीकरण भी है। पार्टी यादव समाज को अपने साथ जोड़ने की कोशिश में है, जिससे न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में भी यादव मतदाताओं को साधा जा सके।

मंत्रियों की संख्या बढ़ सकती है?

छत्तीसगढ़ विधानसभा में मुख्यमंत्री समेत 13 मंत्रियों के पद निर्धारित हैं, लेकिन सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में अटकलें लग रही हैं कि हरियाणा मॉडल अपनाते हुए 14 मंत्रियों की नियुक्ति की जा सकती है। अगर ऐसा होता है, तो रायपुर से विधायक पुरंदर मिश्रा, कुरूद के अजय चंद्राकर, और रायपुर पश्चिम के राजेश मूणत में से किसी एक को मंत्री बनाया जा सकता है।

निगम-मंडलों और संसदीय सचिवों की भी होगी ताजपोशी

सिर्फ मंत्रीमंडल ही नहीं, बल्कि सरकार की दूसरी इकाइयों में भी नियुक्तियाँ तय मानी जा रही हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही विधानसभा उपाध्यक्ष और एक दर्जन से ज्यादा संसदीय सचिवों की भी ताजपोशी की जाएगी। इंटरनेट मीडिया में यह मैसेज भी वायरल है कि अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी को विधानसभा उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है।

See also  कैंसर मरीजों के लिए अत्याधुनिक एक्स-रे जांच मशीन का शुभारंभ

संभावित संसदीय सचिवों की सूची

जिन नेताओं को संसदीय सचिव बनाए जाने की चर्चा है, उनमें ये नाम प्रमुख हैं:

  • रायमुनि भगत
  • चैतराम अटामी
  • धर्मजीत सिंह
  • योगेश्वर राजू सिन्हा
  • भावना बोहरा
  • गोमती साय
  • मोतीलाल साहू
  • डोमनलाल कोर्सेवाड़ा
  • दीपेश साहू
  • प्रबोध मिंज
  • सुशांत शुक्ला
  • रोहित साहू
  • रिकेश सेन
  • नीलकंठ टेकाम
  • संपत अग्रवाल / राजेश अग्रवाल

अब सभी की निगाहें 10 अप्रैल पर टिकी हैं। देखना यह होगा कि भाजपा किस सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरण को साधने की दिशा में कदम बढ़ाती है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।