रायपुर। रविवार को छत्तीसगढ़ में आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा (ABA25) में अव्यवस्थाओं और सख्त ड्रेस कोड के चलते कई अभ्यर्थियों को परीक्षा से वंचित कर दिया गया। परीक्षा 200 पदों के लिए थी और राज्यभर में 900 से ज्यादा केंद्र बनाए गए थे।

ड्रेस कोड पर सख्ती, कई उम्मीदवारों को रोक दिया गया

परीक्षा से पहले केंद्रों पर सुरक्षा जांच के नाम पर लड़कियों से काले दुपट्टे और कपड़े उतरवाए गए, जबकि लड़कों को जूते और बेल्ट निकालने पड़े। रायपुर में एक छात्रा को सिर्फ इस वजह से एंट्री नहीं मिली कि उसने डार्क कलर का टॉप पहन रखा था। वो बाहर जाकर नई टी-शर्ट खरीद कर लौटी, लेकिन 10:32 बजे गेट बंद हो चुका था। महज दो मिनट की देरी ने उसका साल बर्बाद कर दिया।

खैरागढ़ में प्रदर्शन, कलेक्टर निवास घेरा

खैरागढ़ में परीक्षा नहीं दे पाने वाले अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर निवास का घेराव किया। मौके पर पुलिस से तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। छात्रों का आरोप था कि वे समय से पहले पहुंचे थे, लेकिन ड्रेस कोड के बहाने उन्हें रोका गया और जब कपड़े बदलकर लौटे तो गेट बंद हो चुका था।

See also  3 साल बाद ऑफलाइन मोड में होगी परीक्षा! वार्षिक परीक्षाओं से पहले PRSU लगाएगी एक्स्ट्रा क्लास, इस वजह से लिया गया फैसला

मनेंद्रगढ़ में गुस्साए छात्रों ने एडमिट कार्ड फाड़े

मनेंद्रगढ़ में भी हालात कुछ ऐसे ही रहे। कई छात्रों ने एग्जाम सेंटर में एंट्री न मिलने पर हंगामा किया। पुलिस को बुलाना पड़ा। कई छात्र गुस्से में आकर अपना एडमिट कार्ड फाड़ते नजर आए। उनका कहना था कि वे 100-150 किलोमीटर दूर से आए थे, लेकिन थोड़ी देर और ड्रेस कोड के नाम पर अंदर जाने नहीं दिया गया।

व्यापमं ने बदले नियम, प्रचार अधूरा

PWD सब-इंजीनियर परीक्षा में बिलासपुर में पकड़े गए हाईटेक नकल मामले के बाद व्यापमं ने ड्रेस को लेकर नियम सख्त किए थे। हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े, चप्पल पहनना और बेल्ट-जूते न पहनना जैसी गाइडलाइन जारी की गई थी। लेकिन ज़्यादातर अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्हें इन नियमों की पूरी जानकारी नहीं थी, और प्रचार-प्रसार अधूरा था।

डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे ने कहा कि ये नियम पहले ही सभी प्रवेश पत्रों में स्पष्ट तौर पर छपे थे। अभ्यर्थियों को इनका पालन करना था, प्रशासन इसमें जिम्मेदार नहीं है।

See also  इंडिया जस्टिस रिपोर्ट 2020 : छत्तीसगढ़ की पुलिसिंग देश में नं. 2, कर्नाटक टॉप पर

रायगढ़ में 2700 से ज्यादा अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

रायगढ़ के 41 केंद्रों में 11,323 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, लेकिन 2703 परीक्षार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे। उत्तम मेमोरियल कॉलेज पटेलपाली में 420 में से 115 छात्र नहीं पहुंचे, जबकि सेंट टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल में 109 अभ्यर्थी नदारद रहे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुपस्थिति की एक बड़ी वजह ड्रेस कोड और गेट बंद होने का समय था।

कड़े सुरक्षा इंतजाम: जैमर और मेटल डिटेक्टर

इस बार सभी एग्जाम सेंटरों पर नकल रोकने के लिए जैमर लगाए गए थे। हर उम्मीदवार की मेटल डिटेक्टर से जांच हुई। संदिग्ध गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए अतिरिक्त निगरानी भी तैनात थी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।