गरियाबंद। Chhattisgarh News: जिले के फिंगेश्वर थानाक्षेत्र में देर रात सांप्रदायिक तनाव अचानक हिंसा में तब्दील हो गया। यहां आगजनी, पथराव और मारपीट की घटनाएं सामने आईं। जिसके बाद हालात काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान कुछ जवानों के घायल होने की खबर है। गांव में फिलहाल तनाव का माहौल है, जिसके चलते यहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और शांति बनी हुई है।

ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प

दरअसल आगजनी की घटना के दौरान पुलिस के जवान महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित निकाल रहे थे, तभी ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद धीरे-धीरे हालात पर काबू पाया गया। सूचना मिलते ही गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आसपास के थानों से अतिरिक्त बल बुलाया गया।

चाकूबाजी में युवक हुए घायल

ग्राम दुतकैया में विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष के युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक के बाद एक पांच लोगों पर चाकू और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हिंसक वारदात के बाद गांव में भारी तनाव व्याप्त है, जिसे देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।