छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग का आंधी और बारिश का चेतावनी अलर्ट
मौसम विभाग ने हल्की आंधी और बारिश के साथ-साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी स्पष्ट चेतावनी दी है

Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अपडेट के अनुसार कई जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा रायपुर, दुर्ग, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कबीरधाम, मुंगेली, उत्तर बस्तर कांकेर समेत कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग ने दी ये हिदायत
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े नहीं होने तथा नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों से भी खेतों में कार्य करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने की अपील की गई है। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलेगी, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव, छोटे पुल-पुलियों पर पानी भरने और बिजली गिरने जैसी घटनाओं का खतरा भी बना रहेगा। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन दलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

देशभर में भी मानसून सक्रिय
आईएमडी के अनुसार 7 अगस्त को छत्तीसगढ़ के अलावा दिल्ली, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु सहित कई राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना है। ऐसे में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रहेंगी।

मानसून की वापसी से मिली राहत
अगस्त के पहले सप्ताह में मानसून की द्रोणिका और चक्रवातीय घेरे के प्रभाव से मध्य भारत में मानसूनी गतिविधियां पुनः तेज हुई हैं। इससे पहले राज्य के कई हिस्सों में बारिश की रफ्तार सुस्त पड़ने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी और लोग उमस से परेशान थे। अब छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों जैसे दिल्ली, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में भी मानसूनी बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले 24 से 48 घंटों तक पूरे देश में मानसूनी प्रणाली मजबूत बनी रहेगी।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।