रायपुर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय समीक्षा बैठक में छत्तीसगढ़ को देश के बड़े राज्यों की श्रेणी में ‘सेकंड बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट’ का पुरस्कार प्रदान किया गया है।
दो जिलों को भी मिली विशेष पहचान

इस उपलब्धि के साथ ही मोहला-मानपुर-चौकी और शक्ति जिलों को ‘बेस्ट परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट’ के रूप में चुना गया है। यह सम्मान 18-19 अप्रैल को आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय समीक्षा सम्मेलन में दिया गया।

पुरस्कार भारत सरकार के कैबिनेट सचिव (कृषि) द्वारा प्रदान किया गया, जिसे छत्तीसगढ़ की ओर से संयुक्त संचालक बी.के. मिश्रा और उपसंचालक (उद्यानिकी) नीरज शाह ने ग्रहण किया। वहीं, दोनों जिलों की कलेक्टर तूलिका प्रजापति (मोहला-मानपुर-चौकी) और टोपनो (शक्ति) को जिलास्तरीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने जताई प्रसन्नता, दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कहा कि यह सम्मान हमारी किसान हितैषी नीतियों, कृषि मंत्री राम विचार नेताम के मार्गदर्शन और कृषि विभाग की पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है। यह हमारी किसानों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

See also  मुख्यमंत्री बघेल ने रायपुर नगर निगम के ‘ऑक्सीजन ऑन व्हील्स’, एम्बुलेंस सेवा और खाद्यान्न वितरण कार्य का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग को इस सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि सरकार आगे भी किसानों को समय पर लाभ पहुंचाने के लिए तत्पर रहेगी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।