Chhattisgarh Sports: छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। राजधानी रायपुर में लगभग 60 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक आर्चरी अकादमी का निर्माण किया जा रहा है।
इसके साथ ही, जशपुर के पंडरापाठ में 20 से 25 करोड़ रुपए की लागत से आर्चरी अकादमी बनाई जा रही है, जिससे वनांचल और जनजातीय क्षेत्रों की प्राकृतिक तीरंदाजी प्रतिभाओं को आधुनिक प्रशिक्षण मिल सकेगा।
बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से मिल रहा दूरस्थ प्रतिभाओं को मंच
राज्य के दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घोषणा की है कि बस्तर ओलंपिक का आयोजन अब प्रत्येक वर्ष किया जाएगा। इससे बस्तर और सरगुजा के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतरीन राष्ट्रीय मंच प्राप्त हो रहा है।
40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी के लिए शासन स्तर पर होंगे प्रयास
छत्तीसगढ़ में खेल सुविधाओं के विस्तार के बाद अब बड़े राष्ट्रीय आयोजनों को आकर्षित करने की तैयारी है। बैठक में चर्चा के दौरान 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को दिलाने के लिए शासन स्तर पर गंभीर प्रयास करने का निर्णय लिया गया। इससे प्रदेश में खेल संस्कृति को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिलेगा।
खेल संघों और शासन के बीच बेहतर समन्वय के लिए विशेष जिम्मेदारी
खेल संघों से जुड़े प्रस्तावों और शासन स्तर की प्रक्रियाओं को सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री सचिवालय के एक वरिष्ठ अधिकारी को छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के साथ समन्वय की विशेष जिम्मेदारी दी जाएगी। इससे खेल विकास से जुड़े मामलों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सकेगा।
खेल अलंकरण समारोह की पुनः शुरुआत और उद्योग समूहों का सहयोग
राज्य सरकार ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल अलंकरण समारोह की पुनः शुरुआत की है। साथ ही, प्रदेश के खेल संघों को विभिन्न बड़े उद्योग समूहों से जोड़ने की पहल पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण और पर्याप्त आर्थिक सहायता मिल सके।
- रायपुर में लगभग 60 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक आर्चरी अकादमी का निर्माण किया जा रहा है।
- जशपुर के पंडरापाठ में लगभग 20 से 25 करोड़ रुपए की लागत से आर्चरी अकादमी की स्थापना की जा रही है।
- छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी राज्य को दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
- शासन और छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के बीच बेहतर समन्वय के लिए मुख्यमंत्री सचिवालय के एक वरिष्ठ अधिकारी को विशेष जिम्मेदारी दी जाएगी।
- दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को मंच देने के लिए बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक के आयोजन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।



