रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गौ सेवा को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पदभार ग्रहण समारोह में सीएम ने गौशालाओं के लिए अनुदान राशि में बढ़ोतरी की घोषणा की। गायों के चारे के लिए अब 25 रुपये की जगह 35 रुपये दिए जाएंगे। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में डिप्टी सीएम विजय शर्मा और अरुण साव भी मौजूद रहे। समारोह में विशेषर सिंह पटेल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोग के नए अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ माता हमारी समृद्धि का प्रतीक है। ऐसा माना जाता है कि गौ माता में 33 कोटि देवी देवताओं का वास होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ अभ्यारण्य को गौ-धाम कहना उचित होगा। राज्य सरकार द्वारा जगह जगह गौ -धाम बनाने का निर्णय किया गया है। बेमेतरा जिले के झालम में 50 एकड़ में गौ-धाम बनकर तैयार है, जल्द ही इसका उदघाटन किया जाएगा। इसी तरह कवर्धा जिले में 120 एकड़ में गौ-धाम बनाने का काम तेजी से चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और छत्तीसगढ़ के देवभोग ब्रांड को मजबूत बनाने का काम किया जा रहा है। राज्य सरकार का प्रयास होगा कि गौ माता सुरक्षित रहें। गौ तस्करी और गौ हत्या पर पाबंदी लगाने के लिए सख्ती से कदम उठाए जा रहे हैं।

See also  छत्तीसगढ़ पुलिस को मिला राष्ट्रपति का पुलिस ध्वज सम्मान

गौ माता को राज्य माता का दर्जा दिलाने का प्रयास

पदभार संभालने के बाद विशेषर सिंह पटेल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता गौ माता को ‘राज्य माता’ का दर्जा दिलाना होगी। उन्होंने कहा, राज्य, समाज और जनता की खुशहाली गौ माता के कल्याण से ही संभव है। उन्होंने गौशालाओं के विकास, अनुदान में वृद्धि और आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था पर जोर देते हुए हरसंभव प्रयास करने का संकल्प लिया।

24 घंटे गौ सेवा का संकल्प

विशेषर सिंह पटेल ने कहा कि गौ सेवा और सुरक्षा के लिए वे 24 घंटे काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अपनी सेवा भावना के तहत छत्तीसगढ़ को गौ सेवा और रक्षा के क्षेत्र में एक मिसाल बनाने का वादा किया। पटेल ने कहा, हमारा प्रयास होगा कि छत्तीसगढ़ की पहचान पूरे भारत में गौ सेवा के नाम से हो।

गौशालाओं के विकास की ओर कदम

नए अध्यक्ष ने गौशालाओं को बेहतर बनाने और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने उपस्थित जनता से भी सहयोग की अपील की ताकि छत्तीसगढ़ गौ सेवा के क्षेत्र में एक मिसाल बन सके।

See also  भाजपा प्रवक्ता का आरोप -कांग्रेस ने गलत तरीकों से मतदाताओं के नाम जुड़वाए

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।