Chhattisgarh Weather

रायपुर।  मानसून की सक्रियता से पूरे छत्तीसगढ़ में अब बारिश की स्थिति सुधरने की ओर है। एक जून से लेकर तीन अगस्त तक छत्तीसगढ़ में करीब 591.7 मिमी बारिश हुई है। हालांकि यह सामान्य की तुलना में तीन फीसद कम है।

बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1066 मिमी बारिश हुई है और वहीं सरगुजा में सबसे कम 314.3 मिमी बारिश हुई है। बीते तीन दिनों में ही प्रदेश में लगभग 55 मिमी वर्षा हुई है। रायपुर जिले में अभी तक 752.6 मिमी बारिश हुई है, यह सामान्य से 36 फीसद ज्यादा है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो छत्तीसगढ़ में बारिश की स्थिति थोड़ी कम होगी और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी।

बता दें कि शुक्रवार की सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बरसात हुई। कुछ दिनों से लगातार बारिश के कारण इन दिनों अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण ठंडकता भी बढ़ गई है। शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है।

लगातार हो रही बरसात के कारण शहर के मुख्य मार्गों के साथ ही गली मुहल्लों में भी जलभराव की स्थिति आ गई है। काठाडीह, प्रोफेसर कालोनी, लालपुर के आगे सहित कुछ क्षेत्रों में पानी के चलते सड़क ही डूब गई है। वहीं अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट से इन दिनों मौसम में ठंडकता आ गई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शनिवार को भी हल्की से मध्यम बरसात के आसार हैं।

कटघोरा 11 सेमी, पेंड्रा 10 सेमी, पेंड्रा रोड 7 सेमी, जशपुरनगर-प्रेमनगर-मनेंद्रगड़-सक्ती 5 सेमी, मरवाही-रामानुनगर-भैयाथान 4 सेमी वर्षा हुई।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू
 पर

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।