छत्तीसगढ़िया ओलंपिक: आठ साल की स्नेहा बनी ‘फुगड़ी क्वीन’, लगातार 2 घंटे 20 मिनट खेली फुगड़ी

रायपुर। गांव-गांव में छिपी नैसर्गिक खेल प्रतिभाओं को छत्तीसगढ़िया ओलंपिक ने सामने आने का बेहतरीन अवसर दिया है। इसी क्रम में कबीरधाम जिले के छोटे से गांव तालपुर से छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेने आई आठ साल की कक्षा दूसरी की छात्रा कुमारी स्नेहा पटेल ने 02 घंटा 20 मिनट तक फुगड़ी खेलकर सबको अचंभित कर दिया।

स्नेहा के नन्हें कदम फुगड़ी खेलते हुए जब 2 घंटे के बाद भी नहीं रूके और लगातार चलते रहे तो लोग अचंभित होकर उत्सुकता से उसकी खेल प्रतिभा को टकटकी लगाकर देखते रहे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में फुगड़ी खेलकर स्नेहा सबकी फेवरेट बन गई, और उसकी जमकर सराहना हुई।

प्रतियोगिता में 18 से कम आयु की महिला वर्ग में स्नेहा ने अपने से बड़े उम्र के प्रतिभागियों को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया। शांत और संकोची स्नेहा के कदमों में गजब की स्फूर्ति और चपलता दिखाई दी। स्नेहा के पिता भीखम पटेल ने बताया कि स्नेहा ने खुद-बखुद बच्चों के बीच फुगड़ी खेलना सीखा है। उसने जिला स्तर फिर राज्य स्तर पर जीत हासिल की है इसकी उन्हें बेहद खुशी है। उसके कारण उन्हें राजधानी तक आने का सौभाग्य मिला। पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिता के आयोजन के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद भी दिया।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के परंपरागत खेलों को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की शुरूआत की है। राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेलों का आयोजन राजधानी रायपुर के विभिन्न खेल परिसरों में किया जा रहा है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू
 पर

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।