रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विपक्ष पर जमकर प्रहार किया। अपने विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान सीएम ने कांग्रेस के 5 सालों के शासन को कुशासन करार देते हुए कहा, ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं। दिलचस्प बात यह रही कि जब मुख्यमंत्री सदन में कांग्रेस सरकार के कारनामों की गिनती करा रहे थे, तब विपक्षी विधायक सदन से नदारद थे।

गौठानों में गौमाता की दुर्दशा देख खून के आंसू आते थे

सीएम साय ने नरवा, गरवा, घुरुवा, बारी योजना पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि ये योजनाएं सिर्फ कागजों में सिमट कर रह गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि गौठानों के नाम पर जनता की गाढ़ी कमाई फूंक दी गई। सीएम ने भावुक होते हुए कहा, जब हम गौठानों में गायों की दुर्दशा देखते थे, तो हमारे खून के आंसू निकल आते थे।

शराब घोटाला और दो काउंटर का सच

सदन में शराब घोटाले का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में शराब के दो काउंटर चलते थे एक कांग्रेस का एटीएम था और दूसरे काउंटर का पैसा सीधे उनकी जेब में जाता था। उन्होंने आंकड़ों के जरिए बताया कि उनकी सरकार में आबकारी राजस्व 11 हजार करोड़ तक पहुंच गया है, जबकि कांग्रेस के समय यह सिर्फ 5 हजार 100 करोड़ था।

मार्च तक माओवाद खत्म करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा के मुद्दे पर भी बड़ी बात कही। उन्होंने ऐलान किया कि मार्च महीने तक माओवादी आतंकवाद के अंत का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह ही बड़ी संख्या में माओवादियों ने हथियार डाले हैं, जो जवानों की बहादुरी और सरकार पर जनता के विश्वास का नतीजा है।

DMF और ट्रांजिट पास में खेल

खनिज विभाग पर चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि पिछली सरकार ने ट्रांजिट पास में छेड़छाड़ कर करोड़ों कमाए। डीएमएफ (DMF) के कामों के लिए सीधे कलेक्टरों को फोन जाते थे और बंदरबांट होती थी। अब साय सरकार पारदर्शिता के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दे रही है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।