रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज नगर पालिका निगम रायपुर में प्रशासक के रूप में पदभार ग्रहण किया। नगर निगम के महापौर और पार्षदों का कार्यकाल 4 जनवरी को समाप्त होने के बाद शासन ने 10 नगरीय निकायों में प्रशासकों की नियुक्ति की है, जिसमें रायपुर भी शामिल है।

प्रशासक को मिली व्यापक शक्तियां

प्रशासक के रूप में डॉ. गौरव सिंह को मेयर इन कौंसिल (एमआईसी) और सामान्य सभा की सभी शक्तियां प्रदान की गई हैं। वे नगर निगम से संबंधित सभी निर्णय स्वतंत्र रूप से ले सकते हैं और परिषद के कार्यकाल समाप्त होने तक निगम की सभी जिम्मेदारियां संभालेंगे।

चुनाव में देरी के कारण प्रशासक की नियुक्ति

इस बार नगर निगम चुनाव समय पर घोषित नहीं होने के कारण परिषद का पांच साल का कार्यकाल समाप्त होने के बाद कलेक्टर को प्रशासक नियुक्त किया गया है। वर्तमान में नगरीय चुनावों के लिए आरक्षण प्रक्रिया भी अधूरी है। इसके पूरा होने के बाद चुनाव कार्यक्रम घोषित होने की संभावना है।

प्रशासनिक कार्य जारी रहेगा

जब तक चुनाव नहीं हो जाते, प्रशासक के नेतृत्व में नगर निगम का प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से चलता रहेगा। पदभार ग्रहण के अवसर पर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।