रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के छत्तीसगढ़ आगमन एवं भरोसे का सम्मेलन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि आज तो कांग्रेस और प्रदेश सरकार खुद ही अपने प्रति भरोसे के भयावह संकट के दौर से गुजर रही है। कांग्रेस की प्रदेश सरकार के घपलों-घोटालों और भ्रष्टाचार ने कांग्रेसमुक्त छत्तीसगढ़ की प्रस्तावना लिख दी है और समूचा प्रदेश समवेत स्वर में कह रहा है- ‘भूपेश है तो भरोसा है, छत्तीसगढ़ के गाँव-गाँव में भ्रष्टाचार परोसा है।’

छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा आहूत भरोसे का सम्मेलन के सिलसिले में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के जांजगीर दौरे से यह साफ हो गया है कि कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं का ही प्रदेश सरकार और कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व पर अब भरोसा नहीं रह गया है और आज कांग्रेस किसी चेहरे के बजाय सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कहने और जगह-जगह भरोसे का सम्मेलन करके अपनी हताशा व निराशा पर पर्दा डालने की कोशिशों के लिए मजबूर हो गई है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं का नेताओं और विधायकों से, विधायकों का मंत्रियों से, मंत्रियों एवं उपमुख्यमंत्री का मुख्यमंत्री से एवं प्रदेश की जनता का कांग्रेस से भरोसा उठ चुका है, इसीलिए कांग्रेस को बार-बार भरोसे के सम्मेलन करने पड़ रहे हैं। 39हजार नवजात शिशुओं की मौत, 7हजार बलात्कार, 3हजार से ज्यादा हत्याएँ, 26हजार से ज्यादा आत्महत्याओं एवं वादाखिलाफी का कीर्तिमान रचने वाली इस कांग्रेस सरकार के कितने भी भरोसे के सम्मेलन हो जाएँ, अब जनता इन पर भरोसा नहीं करने वाली। जनता का भरोसा भाजपा पर तेजी से बढ़ रहा है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।