रायपुर। कांग्रेस नेता तैय्यब हुसैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, गिरफ्तारी आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में नहीं, बल्कि एक्ट्रोसिटी केस में की गई है। तैय्यब हुसैन, जो पहले से फरार चल रहे थे, पर सकरी थाना क्षेत्र में सिद्धांत नागवंशी नामक युवक की आत्महत्या के मामले में भी जांच चल रही थी।

सिद्धांत नागवंशी की आत्महत्या के मामले में हाईकोर्ट के निर्देश पर तैय्यब हुसैन, अकबर खान, दीपेश चौकसे, मीनाक्षी बंजारे, और फैजान खान के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया था। इसके साथ ही, भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद सरकंडा थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता रज्जब अली की आत्महत्या के मामले में भी तैय्यब और अकबर पर केस दर्ज हुआ था। अकबर खान को इन मामलों में जमानत मिल चुकी थी, जबकि तैय्यब फरार था।

तैय्यब हुसैन ने सिद्धांत नागवंशी मामले में सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली थी और रज्जब अली आत्महत्या मामले में भी उन्हें अंतरिम जमानत मिली थी। कोर्ट की शर्तों के मुताबिक, तैय्यब को जांच में सहयोग देने के लिए थाने में उपस्थित होना था। आज जब तैय्यब सरकंडा थाना में उपस्थित हुए, तो सिविल लाइन पुलिस ने उन्हें एक्ट्रोसिटी के मामले में गिरफ्तार कर लिया।

See also  कृषि कानून के विरोध में राहुल गांधी कर सकते हैं छत्तीसगढ़ में रैली

एक्ट्रोसिटी का मामला

तीन साल पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र में जमीन कब्जाने के विवाद में प्रार्थिया संध्या बंजारे की शिकायत पर तैय्यब हुसैन के खिलाफ धमकी और जातिगत गालियां देने का केस दर्ज किया गया था। इस मामले में तैय्यब को अग्रिम जमानत नहीं मिल पाई थी, जिसके चलते पुलिस ने उन्हें आज गिरफ्तार किया।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।