टीआरपी डेस्क। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नामांकन के अंतिम दिन गौरेला में कांग्रेस नेता की दबंगई का मामला सामने आया है। कांग्रेस नेता गजरूप सिंह सलाम ग्राम पंचायत मेढूका स्थित एआरओ कार्यालय पहुंचे और निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी पंच पद के लिए अपने समर्थक का नामांकन दाखिल कराने का दबाव बनाने लगे।

जब पंचायत सचिव ने समय समाप्त होने की जानकारी दी और नामांकन स्वीकार करने से इनकार किया, तो गजरूप सिंह सलाम ने हंगामा कर दिया। उन्होंने चुनाव अधिकारी से गाली-गलौच की और सबको देख लेने की धमकी दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

गौरतलब है कि गजरूप सिंह सलाम के भाई की पत्नी, नेहा सलाम, को कांग्रेस ने जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 8 से प्रत्याशी के रूप में समर्थन दिया है। वायरल वीडियो में गजरूप सिंह सलाम को अधिकारियों को धमकाते और अपने भाई की पत्नी के जिला पंचायत सदस्य बनने के बाद अध्यक्ष पद पर दावा जताते देखा जा सकता है।

विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद पुलिस जवान कुलदीप चतुर्वेदी ने गजरूप सिंह सलाम को हिरासत में लेकर गौरेला थाना भेज दिया। मामले की जांच जारी है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।