रायपुर। गुढ़ियारी थाने में भाजयुमो नेता पर तोड़फोड़ और थाना प्रभारी से धक्का-मुक्की के आरोपों के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा धरना-प्रदर्शन किया गया। आरोप है कि गुढ़ियारी थाने में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के द्वारा थाने में तोड़फोड़, गाली गलौज एवं टी आई नरेंद्र साहू के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।
इसके विरोध में आज शहर कांग्रेस के द्वारा अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन एवं नारेबाजी कर घटना का विरोध किया गया एवं घटना के 24 घंटे बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी ना होने के लिए कांग्रेस ने घटना को कानून-व्यवस्था से जोड़ते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पार्टी का कहना है कि पुलिस थाने में इस तरह की घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

डीजे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर हुआ विवाद
यह पूरा विवाद गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में डीजे बजाने को लेकर पुलिस की कार्रवाई के बाद शुरू हुआ। पुलिस ने निर्धारित समय के बाद डीजे बजाने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को थाने लाया था।
इसी दौरान भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने संबंधित व्यक्ति को छोड़ने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया। पुलिस की ओर से कार्रवाई जारी रखने की बात कहे जाने के बाद विवाद बढ़ गया।

तोड़फोड़ और TI से धक्का-मुक्की का आरोप
कांग्रेस का आरोप है कि विवाद के दौरान थाना परिसर में तोड़फोड़ की गई और थाना प्रभारी के साथ धक्का-मुक्की की गई। इसी घटना को लेकर कांग्रेस ने आज थाना घेराव और धरना शुरू किया है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पुलिस थाने में पुलिस अधिकारी के साथ इस तरह का व्यवहार कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। प्रदर्शनकारियों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।



