रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री (संगठन) मलकीत सिंह गैदू से दूसरी बार पूछताछ की। यह पूछताछ कांग्रेस भवन निर्माण से जुड़े मामलों को लेकर हो रही है। वहीं, इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर स्थित ED कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने किया, जिनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे।

ED दफ्तर के बाहर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

राजीव गांधी चौक पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ED के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ देर बाद प्रदर्शनकारी ED कार्यालय का घेराव करने के लिए निकले। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को केंद्र सरकार की विपक्ष को दबाने की साजिश करार दिया है।

पहली बार किसी पार्टी दफ्तर में पहुंची ED: बैज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, “देश के इतिहास में पहली बार किसी राजनीतिक दल के दफ्तर में ED पहुंची है। केंद्र सरकार ED जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष को डराने की कोशिश कर रही है, लेकिन कांग्रेस इससे पीछे नहीं हटेगी।”

See also  मिशन 2024-भाजपा के समस्त प्रकोष्ठों का एक दिवसीय सम्मेलन 3 मार्च को

ED ने दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया

ED ने मलकीत सिंह गैदू को दूसरी बार तलब किया। इससे पहले भी उनसे करीब 9 घंटे तक पूछताछ हुई थी। जांच एजेंसी ने कांग्रेस से सुकमा और बीजापुर में बने पार्टी कार्यालयों से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं।

प्रदेशभर में कांग्रेस का प्रदर्शन

ED की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस ने राज्यभर में प्रदर्शन करने की रणनीति बनाई है। 1 से 3 मार्च तक ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर विरोध प्रदर्शन हुए। रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सभी जिला मुख्यालयों में ED का पुतला जलाया।

BJP पर कांग्रेस का आरोप

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि केंद्र की बीजेपी सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए ED जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। पार्टी का दावा है कि वह सरकार की इन साजिशों के सामने नहीं झुकेगी और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी। इस बीच रायपुर में ED दफ्तर के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है।

See also  आज नहीं आएगा 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट, सोशल मीडिया में वायरल आदेश निकला फर्जी, जानें क्या है सच्चाई

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।