रायपुर। विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी के विरोध में कल कांग्रेस के सभी विधायक राज्यपाल रामेन डेका से मुलाकात करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार 23 अगस्त को राजभवन मार्च कर कांग्रेस विधायक राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे।

कांग्रेस के विधायक इस दौरान विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी को लेकर तथ्यों को भी रखेंगे। जानकारी के मुताबिक नेताप्रतिपक्ष चरणदास महंत के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक राजभवन जायेंगे।

इसी के साथ ही 24 अगस्त को कांग्रेस प्रदेश भर में देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस के नेताओं का आरोप है कि विधायक यादव को झूठे आरोप में फंसाया गया है। किसी भी हालत में विधायक यादव के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन के लिए जिला स्तर पर तैयारी कर ली है। इसके लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है जिसके तहत रायपुर शहर व ग्रामीण के लिए धनेंद्र साहू, सत्यनारायण शर्मा, शिवकुमार डहरिया व इंद्र साव है। सक्ति के लिए रामकुमार यादव व बालेश्वर साहू, दुर्ग शहर-ग्रामीण व भिलाई के लिए रविंद्र चौबे, अरूण वोरा को प्रभारी बनाया गया है।

इसी तरह सरगुजा के लिए टीएस सिंहदेव, महासमुंद में द्वारिकाधीश यादव, चातुरी नंद, विनोद चंद्राकर प्रभारी है। जगदलपुर एवं बस्तर ग्रामीण के लिए लखेश्वर बघेल, धमतरी में ओंकार साहू व गुरुमुख सिंह होरा, राजनांदगांव में दलेश्वर साहू, बालोद में अनिला भेड़‍िया-संगीता सिन्हा प्रभारी हैं।

कोरबा शहर व ग्रामीण के लिए जयसिंह अग्रवाल व फूल सिंह राठिया, सूरजपुर में प्रेमसिंह टेकाम, बिलासपुर शहर व ग्रामीण के लिए अटल श्रीवास्तव व रश्मि सिंह ठाकुर तथा कांकेर जिले के लिए कुंवर सिंह निषाद व संतराम नेताम को जिम्मेदारी दी गई है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।