रायगढ़। रायगढ़ जिले में 6 जुलाई की जनसुनवाई से पहले माहौल गरमा गया है। यहां पतरापाली, कोतरलिया समेत 20 गांवों ने सिंघल स्टील प्राइवेट लिमिटेड के ग्रीनफील्ड स्टील प्लांट का विरोध तेज कर दिया है। ग्रामीणों ने साफ कहा- बिना लिखित गारंटी के एक इंच जमीन नहीं देंगे। कंपनी को 1000 एकड़ जमीन चाहिए।

बैठक में लोगों ने JSW और वीजा स्टील का हवाला दिया और आरोप लगाया कि दोनों कंपनियों ने मिलकर करीब 1500 एकड़ जमीन सालों से दबा रखी है, पर प्लांट अब तक नहीं लगा। किसान खेती से भी गए और रोजगार-मुआवजे के लिए भटक रहे हैं।

100 उद्योगों का बोझ झेल रहा रायगढ़

ग्रामीणों का कहना है कि जिले में पहले से 100 से ज्यादा बड़े उद्योग हैं। प्रदूषण से खेती चौपट, भूजल जहरीला और सेहत खराब हो रही है। नया प्लांट लगाने से पहले पुराने उद्योगों की जवाबदेही तय हो।

ग्रामीणों की 3 बड़ी मांगें

1. समयसीमा की गारंटी: प्लांट नहीं लगा तो 2 साल में जमीन मूल किसानों को लौटाई जाए।
2. कानूनी पुनर्वास नीति: रोजगार, उचित मुआवजा, आवास और सुविधाओं की लिखित गारंटी।
3. जवाबदेही तय हो: पहले अधूरी परियोजनाओं और प्रदूषण का हिसाब दो, फिर नया प्लांट।

See also  Gujarat Election : चुनाव प्रचार की जंग तेज! आज सीएम बघेल चुनावी रैलियां में करेंगे मतदान करने की अपील

प्रशासन को देंगे ज्ञापन

ग्रामीणों ने तय किया है कि कलेक्टर और राज्य शासन को ज्ञापन सौंपेंगे। मांग है कि जनसुनवाई से पहले कंपनी बताए- प्रोजेक्ट कब शुरू होगा, कितना रोजगार मिलेगा, किसानों के हित कैसे बचेंगे।

चेतावनी- जमीन जागीर नहीं

ग्रामीणों ने दो टूक कहा, “रायगढ़ अब और प्रदूषण नहीं झेलेगा। हमारी जमीन किसी कंपनी की जागीर नहीं है।” अब सबकी नजर 6 जुलाई की जनसुनवाई पर है।