कांकेर। Crushed by Car : जिले के भानुप्रतापपुर नगर में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। बस स्टैंड के पास अचानक एक तेज रफ्तार कार ने 2 बाइक सवारों और 1 राहगीर को कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गाड़ी पर ‘विधायक नरहरपुर’ और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा था, जिसने लोगों को हैरान कर दिया।

विधानसभा क्षेत्र ही नहीं है नरहरपुर

मामले में प्रशासन ने साफ किया है कि नरहरपुर न तो कोई विधानसभा क्षेत्र है और न ही वहां का कोई विधायक होता है। नरहरपुर दरअसल कांकेर विधानसभा का एक ब्लॉक है। ऐसे में गाड़ी पर लिखा हुआ “विधायक नरहरपुर” पूरी तरह फर्जी और भ्रामक माना जा रहा है।

पुलिस की कार्रवाई

हादसे के बाद नाराज भीड़ ने गाड़ी को घेर लिया और तुरंत पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को जब्त किया और उसमें सवार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

See also  Conjunctivitis के लक्षण और परहेज, जानें क्या करें क्या नहीं...

फर्जी बोर्ड की होगी जांच

कांकेर पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में कार के नंबर और मालिक की जानकारी निकाली जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि गाड़ी पर विधायक और भारत सरकार का बोर्ड क्यों और किस उद्देश्य से लगाया गया था।

नाराज लोगों ने उठाई आवाज

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस तरह के फर्जी बोर्ड का इस्तेमाल कर कुछ लोग सरकारी रुतबा दिखाकर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हैं। लोगों की मांग है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई आम व्यक्ति इस तरह सरकारी पहचान का दुरुपयोग न कर सके।

जांच के बाद कार्रवाई तय

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि कार में बैठे लोग कौन थे और उन्होंने यह फर्जी पहचान क्यों अपनाई। साथ ही, वाहन के फिटनेस, रजिस्ट्रेशन, और परमिट की जांच भी की जाएगी।

See also  CM भूपेश बघेल के ड्रीम प्रोजेक्ट नरवा कार्यक्रम को नेशनल वाटर अवार्ड,बिलासपुर सूरजपुर जिले ने देश में बनाया प्रथम स्थान