नई दिल्ली। CWC: छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली करारी हार और 2024 के आम चुनाव की रणनीति पर चर्चा के लिए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 21 दिसंबर को कांग्रेस कार्य समिति की बैठक बुलाई है।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा के लिए यह बैठक बुलाई है। सूत्रों के अनुसार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में होने वाली यह मीटिंग इंडिया गठबंधन की बैठक के दो दिन बाद होगी। बता दें, इंडिया गठबंधन की बैठक 19 दिसंबर को होनी है।

सीडब्ल्यूसी की बैठक में हाल के विधानसभा चुनाव परिणामों का भी विश्लेषण किया जाएगा, जिसमें उसे हिंदी भाषी राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में हार का सामना करना पड़ा था, जबकि तेलंगाना में जीत मिली थी। पार्टी मिजोरम में भी चुनाव हार गई थी। इसमें हार के कारणों और 2024 के चुनावों के लिए आगे की राह पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कार्य समिति की बैठक में अगले साल होने वाले चुनावों से पहले राहुल गांधी द्वारा बेरोजगारी और महंगाई को मुख्य मुद्दा बनाकर निकाली जाने वाली यात्रा पर भी चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी इस यात्रा के मोड को लेकर विचार कर रही है कि इसे पैदल निकाला जाए या हाइब्रिड मोड में, जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू
 पर

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।