डिप्टी CM अरुण साव ने किया 15 दिन के विशेष स्वास्थ्य शिविर का ऐलान, छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग शुरू

टीआरपी। रायपुर के शासकीय मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेश भर की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में स्वच्छता दीदियों, स्वसहायता समूहों और प्रधानमंत्री आवास योजना की महिला हितग्राहियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

यह आयोजन न केवल महिलाओं के कार्यों को मान्यता देता है, बल्कि उनके स्वास्थ्य के लिए 15 दिवसीय शिविर और निकायों के आकलन के लिए छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग जैसी ठोस योजनाओं की शुरुआत भी करता है। यह कदम राज्य के नगरीय निकायों में स्वच्छता और महिला कल्याण को जमीनी स्तर पर मजबूत करेगा।

समारोह के दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव ने दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग के अंतर्गत अब प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में हर महीने स्वच्छता का आंकलन किया जाएगा। विशेष स्वास्थ्य शिविर आगामी 14 मार्च से प्रदेश भर की स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए 15 दिनों का विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि ष्महिलाएं संघर्ष और करुणा की प्रतिमूर्ति हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य में स्वीकृत 2.44 लाख मकानों में से 1.77 लाख आवास महिलाओं के नाम पर हैं, जो उनके बढ़ते सशक्तिकरण का प्रमाण है।

समारोह में उत्सव जैसा माहौल रहा। प्रसिद्ध लोक गायिका गरिमा दिवाकर और स्वर्णा दिवाकर ने जब फाग गीत की प्रस्तुति दी, तो ऑडिटोरियम में मौजूद सैकड़ों स्वच्छता दीदियां और महिलाएं जोश के साथ झूम उठीं। कार्यक्रम में रायपुर महापौर मीनल चौबे, विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बिलासपुर की रामेश्वरी सागर, अंबिकापुर की संगीता गुप्ता सहित कई अन्य को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री गृहप्रवेश सम्मान के तहत रजनी ध्रुव और अन्य को 32,850 रुपए के चेक सौंपे गए। साथ ही स्ट्रीट वेंडर्स को 50-50 हजार रुपए के चेक प्रदान किए गए। राज्य में 70 हजार महिला स्ट्रीट वेंडर्स को 88 करोड़ का ऋण स्वीकृत किया गया है।

14 मार्च से शुरू होने वाले स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से राज्य की हजारों स्वच्छता दीदियों का निःशुल्क उपचार सुनिश्चित होगा। इसके साथ ही, छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग के माध्यम से अब निकायों के बीच स्वच्छता को लेकर एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।