रायपुर। राजधानी में आज दस पानी टंकियों से सोमवार की शाम पेयजल की आपूर्ति नहीं होगी। मंगलवार की सुबह भी जलप्रदाय आंशिक रूप से प्रभावित हो सकता है। बता दें कि अमृत मिशन योजना के तहत आधुनिकीकरण कार्य के अंतर्गत 80 एमएलडी फिल्टरप्लांट के पास 1200 एमएम व्यास की क्षतिग्रस्त मेन राइजिंग पाइप लाइन की मरम्मत कार्य किया जाएगा।

इन क्षेत्रों में नहीं आएगा पानी

मरम्मत कार्य के कारण 80 एमएलडी प्लांट से भरने वाली ओवरहेड टैंक से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो सकेगी। जिसके कारण डंगनिया, गंज, गुढ़ियारी, राजेन्द्र नगर, तेलीबांधा, शंकर नगर, खमतराई, भनपुरी, ईदगाहभाठा पुरानी टंकी और श्याम नगर में आज शाम को पानी नहीं आएगा। वहीं दूसरे दिन भी सुबह जलप्रदाय आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। शहर में स्थित अन्य जलागारों एवं पॉवर पंपों से जलप्रदाय यथावत रहेगा।

तीन लाख परिवार होंगे प्रभावित

शहर की 10 टंकियों से पेयजल की आपूर्ति नहीं होने से तीन लाख परिवार प्रभावित होंगे। भाजपा पार्षद मृत्युंजय दुबे ने महापौर एजाज ढेबर पर आरोप लगाया कि गर्मी आते ही फिल्टर प्लांट से किसी न किसी बहाने से पानी की सप्लाई बाधित होती रहती है। काम कराने से पहले वार्डों के पार्षदों के साथ पानी की मांग और टैंकर से पानी की आपूर्ति के संबंध में बैठक लेनी चाहिए थी।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू
 पर

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।