रायपुर/बिलासपुर। नशेड़ी जवान अपने विभाग को बदनाम करने में जुटे हुए हैं। इनकी हरकतें सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं, वहीं विभाग भी इनके खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। बावजूद इसके इनकी हरकतें कम नहीं हो रही हैं। राजधानी और उर्जाधानी में ऐसे ही दो जवानों की हरकतें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
चेकिंग के नाम पर छीन लिए रूपये
राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित शराब भट्टी के पास चेकिंग के नाम पर राहगीर युवक की जेब से एक सिपाही ने दो हजार रुपए निकाल लिए। शिकायत के बाद उसे निलंबित कर दिया गया। सिपाही का नाम हनुमान मनीष सिंह है और वह जीआरपी का सिपाही है।
यहां मौजूद युवकों का कहना है कि वे लोग पास के पेट्रोल पंप से गुजर रहे थे। यह सिपाही जो नशे में धुत्त था, ने युवक की चेकिंग की। और जेब में रखे दो हजार रुपए निकाल लिए। पेट्रोल पंप से लगे हीरो शो रूम के पास लोगों की बढ़ती भीड़ से घिरता देख सिपाही रकम वापस करने लगा। इस पर युवको ने कहा कि पैसा नहीं चाहिए, वर्दी में शराब पीने का अपराध किया है इसलिए वर्दी उतारें। एक बारगी तो एक युवक ने सिपाही की वर्दी को जमकर खींचा भी। सिपाही वहां से जाने की कोशिश करता रहा और युवक उसे पकड़ कर खींचते रहे। इस वीडियो के वायरल होते ही एसपी रेल श्वेता सिन्हा ने रात मेडिकल जांच कराने के बाद उसे निलंबित कर दिया।

दुर्गा पंडाल पर ड्यूटी में धुत पड़ा था जवान
उधर बिलासपुर में दुर्गा उत्सव के दौरान पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाली घटना सामने आई है। यदुनंदन नगर के तिफरा इलाके में स्थित दुर्गा पंडाल में तैनात आरक्षक प्रशांत रावत को ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शराब के नशे में होने की वजह से वह जमीन पर जूते उतारकर बैठ गया था और सिर नीचे करके झूम रहा था। वहां मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लोग यह कहते हुए दिख रहे हैं कि देखो ये पुलिस हमारी सुरक्षा के लिए तैनात है। हालांकि इस घटना पर पुलिस विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


