सोमवार, 14 सितंबर 2026 सोम, 14 सित |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

Eklavya School Korba: खाने में मिला कीड़ा, नाराज छात्रों ने विधायक की गाड़ी घेरी

Eklavya School Korba: खाने में मिला कीड़ा, नाराज छात्रों ने विधायक की गाड़ी घेरी
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Eklavya School Korba: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड स्थित छुरी कला एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में सोमवार को छात्रों ने कथित अव्यवस्थाओं के विरोध में प्रदर्शन किया।

इस दौरान छात्रों ने कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष की गाड़ी का घेराव कर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अहमद खान को हटाने की मांग की। छात्रों ने भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर गंभीर शिकायतें जनप्रतिनिधियों के सामने रखीं।

Students protest at Eklavya Model Residential School in Korba over alleged poor facilities

भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं पर छात्रों ने लगाए आरोप

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से गुणवत्ताहीन भोजन परोसा जा रहा है। उनका कहना है कि कई बार खाने में कीड़े मिले हैं। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थ और दवाइयां वितरित की गईं। इसके कारण कई विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ गई। साथ ही साफ पेयजल की कमी के चलते कई छात्र खाज-खुजली और अन्य त्वचा संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान

छात्रों का कहना है कि वे लंबे समय से विद्यालय प्रबंधन से शिकायत कर रहे थे, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। इसी वजह से उन्होंने जनप्रतिनिधियों के सामने विरोध प्रदर्शन किया।

विधायक ने जांच के दिए निर्देश

मौके पर पहुंचे कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने छात्रों की शिकायतें सुनीं और पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने सहायक आयुक्त को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विधायक ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन