अंबिकापुर। Food Safety : शहर के प्रतिष्ठित ग्रैंड बसंत रेस्टोरेंट में परोसी गई बिरयानी को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। सीतापुर निवासी अमित गुप्ता द्वारा बिरयानी में मरा हुआ कॉकरोच पाए जाने की शिकायत पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया है।

प्लेट में मरे हुए कॉकरोच का वीडियो वायरल

1 सितंबर को उपभोक्ता अमित गुप्ता ने व्हाट्सएप और फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट कर गंभीर आरोप लगाया कि ग्रैंड बसंत रेस्टोरेंट में परोसी गई वेज बिरयानी में मरा हुआ कॉकरोच मिला है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था, जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रैंड बसंत रेस्टोरेंट परल कार्रवाई की है।

जांच के लिए भेजे गए खाद्य नमूने

निरीक्षण के दौरान टीम ने वेज बिरयानी और वेज करी के खाद्य नमूने जब्त किए है। सभी नमूने रायपुर के राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा नियम 2011 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई है।

जांच में पाई गई कई खामियां

निरीक्षण में रेस्टोरेंट के रसोईघर की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। जांच टीम ने पाया कि रेस्टोरेंट के रसोईघर में कीट प्रबंधन की कोई व्यवस्था नहीं है, पानी परीक्षण नहीं कराया गया था, स्टाफ के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र अनुपलब्ध थे, व्यक्तिगत स्वच्छता के मानक भी नजरअंदाज किए जा रहे हैं। इन खामियों को देखते हुए रेस्टोरेंट प्रबंधन को ‘इम्प्रूवमेंट नोटिस’ जारी कर दिया गया है।

रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि रेस्टोरेंट से मांगे गए जवाब और लैब रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

Food Safety : ग्राहकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने त्वरित कदम तो उठाया हैं, लेकिन इस घटना से यह बात फिर एक बार सामने आई है कि बड़े रेस्टोरेंट भी उपभोक्ता की स्वास्थ्य और स्वच्छता मानकों की अनदेखी कर रहे हैं। अब सबकी निगाहें प्रयोगशाला रिपोर्ट और विभागीय कार्रवाई पर बनी हुई हैं।