रायपुर। Chhattisgarh Property Registry Cess: छत्तीसगढ़ में घर और जमीन खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार ने रजिस्ट्री पर लगने वाले 0.60% सेस (उपकर) को पूरी तरह खत्म करने का फैसला कर लिया है। खबर है कि इसकी आधिकारिक अधिसूचना सोमवार को जारी हो जाएगी और मंगलवार, 28 अप्रैल से नई दरें लागू कर दी जाएंगी। इसका सीधा मतलब यह है कि अब आपकी जेब पर बोझ कम होगा और रजिस्ट्री कराना काफी सस्ता हो जाएगा।

मंगलवार से अपडेट हो जाएगा सॉफ्टवेयर

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सेस खत्म करने का बिल मार्च 2026 में ही विधानसभा से पारित हो चुका था। राज्यपाल के हस्ताक्षर के बाद अब इसे राजपत्र में प्रकाशन के लिए भेज दिया गया है। विभाग के अफसरों ने बताया कि सोमवार को नोटिफिकेशन आते ही पंजीयन सॉफ्टवेयर को अपडेट कर दिया जाएगा। रायपुर के शास्त्री चौक स्थित रजिस्ट्री ऑफिस हो या बिलासपुर-दुर्ग के कार्यालय, मंगलवार सुबह से ही लोग नए और सस्ते रेट पर जमीनों की रजिस्ट्री करा सकेंगे।

See also  CG BIG NEWS : आकाशीय बिजली की चपेट में आने से लगभग 1 दर्जन ग्रामीण बुरी तरह से झुलसे, 3 की मौत

लाखों का होगा सीधा फायदा, देखें गणित

इस फैसले से रियल एस्टेट मार्केट में जबरदस्त उछाल आने की उम्मीद है। अगर आप 1 करोड़ रुपए की कोई प्रॉपर्टी खरीदते हैं, तो अब आपको सीधे 60 हजार रुपए की बचत होगी। सरकार का कहना है कि इस फैसले का मकसद सिर्फ कमाई करना नहीं, बल्कि आम आदमी के लिए घर खरीदना आसान बनाना है। वाणिज्य कर मंत्री ओपी चौधरी ने भी साफ किया है कि प्रशासन जनता को राहत देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

महिलाओं को डबल फायदा

सरकार ने महिलाओं को खास तोहफा देते हुए पंजीयन शुल्क को 4% से घटाकर 2% करने का निर्णय लिया है। हालांकि इसकी अधिसूचना में हफ्ता भर लग सकता है क्योंकि फाइल अभी भाषा सुधार के लिए रुकी हुई है। जानकारों का कहना है कि अगले हफ्ते से महिलाओं के नाम पर रजिस्ट्री कराना और भी किफायती होगा।

ये है रजिस्ट्री की नई दरें

  • पुरुषों के लिए: स्टांप ड्यूटी 6.6% और पंजीयन शुल्क 4% लगेगा।
  • महिलाओं के लिए: स्टांप ड्यूटी 5.48% और पंजीयन शुल्क मात्र 2% रहेगा।
  • बचत: 1 करोड़ की रजिस्ट्री पर करीब 60 हजार रुपए की सीधी छूट (सेस हटने के बाद)।
See also  पुराने 'सनकी' हैं थप्पड़ मारने वाले कलेक्टर, भालू को मरवाई थी गोली... पटवारी से ली थी रिश्वत...

प्रशासन ने कमर कस ली है और पंजीयन कार्यालयों में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अगर आप भी जमीन लेने की सोच रहे हैं, तो मंगलवार का दिन आपके लिए ‘शुभ’ साबित हो सकता है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।