रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब सरकारी आईटीआई (ITI) का कायाकल्प होने जा रहा है। सरकार ने पीएम-सेतु योजना के जरिए राज्य के सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को हाई-टेक बनाने का बड़ा फैसला लिया है।

अब छात्रों को पुरानी किताबों और पुरानी मशीनों से नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ड्रोन जैसी एडवांस तकनीकों से रूबरू कराया जाएगा। इसके लिए मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई, जिसमें आईटीआई को अपग्रेड करने की पूरी रूपरेखा तय कर ली गई है।

स्मार्ट क्लासरूम और नई मशीनें

जल्द ही आपके शहर के आईटीआई में बड़ा बदलाव दिखने वाला है। यहां की पुरानी मशीनों को हटाकर नई तकनीक वाली आधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी। छात्रों को केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि डिजिटल कंटेंट और स्मार्ट क्लासरूम के जरिए प्रैक्टिकल ट्रेनिंग मिलेगी। युवाओं को आज की इंडस्ट्री की डिमांड के हिसाब से तैयार किया जाएगा।

स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार

बैठक में एंकर इंडस्ट्रियल पार्टनर्स को जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। इसका सीधा फायदा यह होगा कि जो कंपनियां राज्य में काम कर रही हैं, वे खुद तय करेंगी कि आईटीआई में क्या पढ़ाया जाए। इससे ट्रेनिंग पूरी होते ही छात्रों को अपने ही शहर या आसपास के इलाकों में नौकरी मिलनी आसान हो जाएगी।

See also  Chhattisgarh Assembly Budget Session: वित्तमंत्री विनियोग विधेयक पेश करेंगे, सदन में गूंजेगा चौसिंगा हिरणों की मौत का मामला

कौन ले रहा है फैसले?

इस पूरी योजना की निगरानी राज्य स्तरीय स्टीयरिंग समिति कर रही है। वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार और कौशल विकास विभाग के सचिव बसवराजु एस. समेत कई बड़े अधिकारी इस प्रोजेक्ट पर बारीकी से काम कर रहे हैं। बैठक में ईओआई (EOI) की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर भी चर्चा हुई ताकि बड़ी और नामी कंपनियां छत्तीसगढ़ के आईटीआई के साथ जुड़ सकें।

यह योजना न केवल आईटीआई के इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारेगी, बल्कि प्रदेश के हजारों युवाओं के भविष्य को एक नई उड़ान देगी। जल्द ही इसकी प्रक्रिया जमीन पर उतरती हुई दिखाई देगी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।