टीआरपी। Housing Board : हाऊसिंग बोर्ड ने पिछले छह महीनों में 2230 संपत्तियों को बेचा है। इसकी कीमत 435 करोड़ रुपए है। यह जानकारी ’छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की समीक्षा बैठक में दी गई। मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्य रूप से आवासीय गतिविधियों, निर्माण कार्यों, रिफॉर्म्स तथा अबिक्रीत संपत्तियों की बिक्री की समीक्षा की गई। बैठक में आयुक्त अवनीश कुमार शरण सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं संपदा अधिकारी उपस्थित थे।


फील्ड में उप अभियंता की उपस्थिति अनिवार्य


बैठक में अध्यक्ष सिंह देव ने मंडल की प्रमुख आवासीय योजनाओं में आर.एम.सी. (रेडी मिक्स कंक्रीट) के उपयोग हेतु बैचिंग प्लांट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण गुणवत्ता पर विशेष बल देते हुए कहा कि फील्ड स्तर पर उप अभियंता और सहायक अभियंता की अनिवार्य उपस्थिति रहे। साथ ही उप अभियंता से लेकर अपर आयुक्त स्तर तक अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया।


अभियंताओं का प्रशिक्षण और कार्यशाला


निर्माण क्षेत्र में नई तकनीक और गाइडलाइन की जानकारी देने के लिए आगामी सप्ताह में अभियंताओं का प्रशिक्षण एवं कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा कॉलोनियों में स्कूल बस स्टॉप, कम्युनिटी हॉल का आउटसोर्सिंग प्रबंधन, बॉक्स क्रिकेट, ओपन जिम, ओपन स्पेस का बेहतर उपयोग, बड़ी कॉलोनियों में ओपन एयर थिएटर और आधुनिक सुविधाओं को शामिल करने की दिशा में भी निर्णय लिया गया।
तकनीकी शाखा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए अध्यक्ष ने वर्क प्रोटोकॉल संबंधी आदेश शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने तथा मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जल्द तैयार कर लागू करने के आदेश भी दिए।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।