टीआरपी डेस्क। कवर्धा के ग्राम पंचायत परसवारा में नवनिर्वाचित महिला पंचों की अनुपस्थिति में उनके पतियों को शपथ दिलाने का मामला गंभीर लापरवाही माना गया है। जांच के बाद पंचायत सचिव प्रणीवर सिंह ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जिला पंचायत कबीरधाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अजय कुमार त्रिपाठी ने की है।

जानें पूरा मामला

3 मार्च को ग्राम पंचायत परसवारा में नवनिर्वाचित पंचों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया था। इस दौरान कई महिला पंचों की अनुपस्थिति में उनके पतियों ने शपथ ली, जो नियमों के खिलाफ है। पंचायत सचिव प्रणीवर सिंह ठाकुर पर अपने पद के दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने का आरोप लगा।

जांच में पाया गया दोषी

जनपद पंचायत पंडरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने प्राथमिक जांच में पंचायत सचिव को दोषी मानते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की थी। छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा अनुशासन और अपील नियम 1999 के तहत उन्हें निलंबित कर जनपद पंचायत पंडरिया में संलग्न किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।