IAS Subodh Singh Fake Facebook ID: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। इस बार ठगों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रमुख सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुबोध सिंह को निशाना बनाया है। आरोपी ने उनके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर परिचितों से पैसों की मांग शुरू कर दी।

2 घंटे में बना लिए 58 दोस्त

जानकारी के अनुसार, शातिर ठग ने सोमवार को ही आईएएस सुबोध सिंह के नाम से फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाई। हैरानी की बात यह है कि महज 2 घंटे के भीतर उस प्रोफाइल से 58 लोगों को जोड़ लिया गया। इसके बाद फर्जी प्रोफाइल के जरिए परिचित लोगों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग की जा रही थी। मामले की जानकारी मिलते ही आईएएस सुबोध सिंह ने तुरंत पुलिस को शिकायत दी।

पुलिस ने शुरू की जांच

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फर्जी फेसबुक अकाउंट किसने बनाया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। साथ ही पुलिस और साइबर विशेषज्ञ समय-समय पर लोगों से अपील करते रहे हैं कि सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति के नाम से पैसे मांगने वाले संदेश मिलने पर पहले उसकी पुष्टि करें। बिना सत्यापन के किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।