टीआरपी डेस्क। बलौदाबाजार हिंसा मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि 10 जून 2024 को हुई हिंसा और आगजनी की घटनाओं में अमित बघेल की सक्रिय भूमिका रही थी।

अमित बघेल को बुधवार को रायपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर बलौदाबाजार लाया गया, जहां उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने सुनवाई के बाद उन्हें दो दिनों के न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इससे पहले इस मामले में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अजय यादव और पार्टी के सह-सचिव दिनेश वर्मा को भी 11 जनवरी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के बाद अमित बघेल ने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई भाजपा और कांग्रेस की मिलीभगत का नतीजा है और सरकार छत्तीसगढ़ियों की आवाज को दबाना चाहती है। अमित बघेल का दावा है कि वह एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं और आंदोलन का समर्थन जरूर किया था, लेकिन घटना के दिन बलौदाबाजार में हुई आगजनी से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।