टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार (6 मार्च) को एक ह्रदय विदारक सड़क हादसा हो गया। दुलदुला विकासखंड के गोड़ाअंबा के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 5 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, बस करडेगा से कुनकुरी की ओर जा रही थी, जिसमें 30 से अधिक यात्री सवार थे। गोड़ाअंबा के पास चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे पलट गई। बस के पलटते ही यात्री मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत साहस दिखाते हुए राहत-बचाव कार्य शुरू किया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला।

त्वरित स्वास्थ्य सहायता और रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने तीन एम्बुलेंस मौके पर रवाना कीं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है, जहाँ से कुछ को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम अभी भी मौके पर मौजूद है और क्षतिग्रस्त बस को हटाने का प्रयास किया जा रहा है।

See also  VIP रोड स्थित सरकारी जमीन के सीमांकन की रखी मांग, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी मिले रायपुर कलेक्टर से

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया शोक

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम गोड़ा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे तथा उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।”

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।