रायपुर। नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू और जंगल सफारी घूमने की योजना बना रहे पर्यटकों को अब अपनी जेब थोड़ी ज्यादा ढीली करनी होगी। छत्तीसगढ़ सरकार के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने जू एंट्री और सफारी से जुड़ी विभिन्न टिकट दरों में संशोधन करते हुए नई शुल्क व्यवस्था लागू कर दी है।

नई दरों के अनुसार, 6 से 12 वर्ष तक के बच्चों का प्रवेश शुल्क 25 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया गया है, जबकि वयस्कों के लिए टिकट 50 रुपये से बढ़कर 100 रुपये हो गया है। विदेशी पर्यटकों को भी अब पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा। उनका प्रवेश शुल्क 200 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये निर्धारित किया गया है।

हालांकि, 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को नि:शुल्क प्रवेश की सुविधा जारी रहेगी, लेकिन यह छूट केवल सामान्य दिनों में ही उपलब्ध होगी। सप्ताहांत, सार्वजनिक अवकाश और सरकारी छुट्टियों पर यह सुविधा लागू नहीं होगी।

See also  हिरण के शिकार को लेकर गंभीर हुआ वन विभाग, शिकारी की जानकारी देने पर 10 हजार का इनाम देने की घोषणा

वन विभाग का कहना है कि बढ़ी हुई टिकट दरों से सफारी के रखरखाव, वन्यजीवों की बेहतर देखभाल और पर्यटक सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी। हाल के वर्षों में यहां जानवरों के लिए कूलर, फव्वारे और गर्मी से राहत देने वाले विशेष इंतजाम किए गए हैं।

करीब 800 एकड़ क्षेत्र में फैली नंदनवन जंगल सफारी प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां शेर, बाघ, भालू और शाकाहारी वन्यजीवों के लिए अलग-अलग सफारी जोन बनाए गए हैं। हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां वन्यजीवों को प्राकृतिक वातावरण में देखने पहुंचते हैं।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।