टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से प्रयागराज महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो वाहन भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिसमें 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों के शवों का पंचनामा कर उन्हें दर्री बरॉज क्षेत्र के कलमीडुग्गू लाया जा रहा है। देर रात तक शवों के पहुंचने की संभावना है, जबकि अंतिम संस्कार अगले दिन किया जाएगा। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे ने छीन लिए कई परिवारों के चिराग

दर्री बरॉज से सटे कलमीडुग्गू वार्ड के दो परिवारों से पिता-पुत्र, एक अन्य परिवार से साला-जीजा सहित कुल 8 लोग बोलेरो में सवार होकर शुक्रवार को प्रयागराज में महाकुंभ स्नान के लिए रवाना हुए थे। रात में अनुपपुर में कुछ देर रुकने के बाद वे आगे बढ़े, लेकिन प्रयागराज के पास उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि ड्राइवर समेत सभी यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह होते ही पुलिस ने परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दी।

See also  Good News : पिछले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ के18 जिलों में नहीं मिला कोई भी कोरोना मरीज, देखें सूची

नवनिर्वाचित पार्षद ने जीत का जश्न नहीं मनाया

कलमीडुग्गू वार्ड की नवनिर्वाचित भाजपा पार्षद राधा बाई महंत के लिए यह हादसा व्यक्तिगत रूप से भी बहुत बड़ा आघात था। दुर्घटना में जान गंवाने वाले अधिकतर लोग उनके करीबी समर्थक थे, जिन्होंने हाल ही में संपन्न निकाय चुनाव में उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत की थी। शनिवार को मतगणना में जब उनकी जीत घोषित हुई, तो पूरे प्रदेश में जश्न का माहौल था, लेकिन इस दुखद घटना के कारण राधा बाई ने कोई जश्न नहीं मनाया और ना ही पटाखे फोड़े।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।