Ajay Chandrakar Dhamtari: छत्तीसगढ़ के धमतरी में शनिवार को बीजेपी के ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ कार्यक्रम के दौरान उस वक्त सबका ध्यान विधायक अजय चंद्राकर पर चला गया, जब वे मंच पर बैठने के बजाय कार्यकर्ताओं के बीच जाकर बैठ गए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता होने के बावजूद उन्होंने मंच से दूरी बनाए रखी। मंत्री टंकराम वर्मा ने हाथ जोड़कर उन्हें मंच पर आने का आग्रह किया, लेकिन चंद्राकर अपनी जगह पर ही बैठे रहे। बताया जा रहा है कि वे कार्यक्रम में स्वागत-सत्कार की व्यवस्था से नाराज थे।
डोमन लाल कोरसेवाड़ा के निधन का दिया हवाला
कार्यक्रम की शुरुआत में ही अजय चंद्राकर ने स्वागत कार्यक्रम को लेकर अपनी आपत्ति जाहिर की। उन्होंने अहिवारा विधायक राजमहंत डोमन लाल कोरसेवाड़ा के निधन का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे दुखद समय में स्वागत-सत्कार का आयोजन उचित नहीं है। इसी बात को लेकर उन्होंने कार्यक्रम के तौर-तरीके पर सवाल उठाए। इसके बाद वे मंच पर जाने के बजाय कार्यकर्ताओं के बीच बैठ गए।
मंत्री टंकराम वर्मा ने हाथ जोड़कर बुलाया
कार्यक्रम के दौरान मंत्री टंकराम वर्मा ने अजय चंद्राकर को मंच पर आने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने मंच से हाथ जोड़कर आग्रह भी किया, लेकिन चंद्राकर ने उनका निमंत्रण स्वीकार नहीं किया। वे कार्यकर्ताओं के बीच बैठे रहे। मुख्य वक्ता के इस रुख से कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान उनकी ओर चला गया। इस पूरे घटनाक्रम ने बीजेपी के कार्यक्रम में कुछ देर के लिए असहज स्थिति पैदा कर दी।


