रायपुर। राजधानी रायपुर के सबसे व्यस्त कारोबारी इलाके एमजी रोड पर स्थित जया ऑटोमोबाइल्स की तीन मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। मौदहापारा थाना इलाके में हुई इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पिछले कई घंटों से आग पर काबू पाने की जद्दोजहद जारी है।

देखते ही देखते खाक होने लगी इमारत

मिली जानकारी के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी और देखते ही देखते दुकान के भीतर से गाढ़ा काला धुआं निकलने लगा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप ले लिया और वह दूसरी तथा तीसरी मंजिल तक फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर से धुएं का गुबार साफ देखा जा सकता था।

दरअसल, इस ऑटोमोबाइल शोरूम और गोदाम के भीतर भारी मात्रा में गाड़ियों के टायर, ट्यूब, प्लास्टिक का सामान और इंजन ऑयल (लुब्रिकेंट्स) रखा हुआ था। जिसकी वजह से आग ने तुरंत पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। हालात को भांपते हुए मौदहापारा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से एमजी रोड के इस हिस्से में बैरिकेड्स लगाकर आवाजाही को पूरी तरह रोक दिया गया है।

शहर में पानी का संकट

इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में प्रशासन के सामने एक अजीब और बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। गौरतलब है कि फिल्टर प्लांट में काम चलने की वजह से आज रायपुर शहर में पानी की सप्लाई प्रभावित है। ऐसे में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को रिफिल करने में भारी दिक्कत आई।

जेसीबी से तोड़ी गई दीवार, दमकलकर्मी अंदर घुसे

आग बुझाने के लिए नगर सेना और फायर ब्रिगेड के जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। सामने का हिस्सा पूरी तरह पैक होने के कारण जेसीबी मशीन बुलाई गई। जेसीबी की मदद से दुकान के सामने का हिस्सा और दीवार को तोड़ा गया, जिसके बाद फायर फाइटर्स कटर लेकर अंदर दाखिल हो सके।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।