छापामार कार्रवाई
छापामार कार्रवाई

अवैध मुरूम उत्खनन में लगे 2 चैन माउंटेन और 3 हाइवा जब्त

अभनपुर। अवैध मुरूम उत्खनन के खिलाफ राजस्व विभाग की कार्रवाई से खनिज तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। विगत 15 दिनों से मुरूम का उत्खनन की शिकायत के बाद भी खनिज विभाग व्दारा कार्रवाई नहीं करने पर गोबरा नवापारा तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोरभट्ठी में राजस्व विभाग ने एसडीएम रवि सिंह के नेतृत्व में छापामार कार्रवाई की गई ।

इस दौरान अवैध मुरूम उत्खनन में संलग्न 2 चैन माउंटेन मशीन और 3 हाइवा को जब्त किया है। कार्रवाई के बाद मुरूम का अवैध उत्खनन करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है। एसडीएम सिंह ने बताया कि उन्हें गांव में अवैध मुरूम उत्खनन की शिकायत मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे तो खसरा नंबर 128 में अवैध मुरूम उत्खनन होता पाया गया।

पूछताछ में उत्खनन कर रहे लोगों के पास फिलहाल कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद अवैध मुरूम उत्खनन में लगे 2 चैन माउंटेन और 3 हाइवा को जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान गोबरा नवापारा तहसीलदार सूरज बंछोर, नायब तहसीलदार आलोक वर्मा, राजस्व निरीक्षक, पटवारी आदि लोग उपस्थित थे। राजस्व विभाग की कार्रवाई से जिला खनिज विभाग की कथित सक्रियता की पोल भी खुल गई।

See also  अच्छी खबर: पहली जून से केरल में सक्रिय हो सकता है मानसून, छत्तीसगढ़ को कुछ दिन और सहना होगा लू का गर्म थपेड़ा

जानकारी के अनुसार, पिछले 15 दिनों से 24 घंटे बेतहाशा मुरूम का अवैध उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा था। इसके बावजूद खनिज विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी या यूं कहें कि खनिज विभाग ने जानबूझकर इस ओर ध्यान देना मुनासिब नहीं समझा।

वहीं इसको लेकर ग्रामवासी तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ऊपर से कोई दबाव आता है तभी खनिज विभाग कुंभकरणी नींद से जागता है। गांव के कुछ लोगों ने बताया कि मुरूम का उपयोग भारतमाला परियोजना में किया जा रहा था, जो कि केंद्र सरकार की एक बहुत बड़ी परियोजना है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू पर