रायपुर। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा आज रायपुर पहुंचे। वीआईपी रोड स्थित एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ कहा कि यह सरकार सिर्फ पूंजीवादियों की है।

तन्खा रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 के एक बड़े प्रोग्राम में शामिल होने आए हैं। एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उनके तेवर काफी कड़े थे।

यह सिर्फ पूंजीवादियों की सरकार है

सांसद तन्खा ने केंद्र सरकार के 12 साल के कामकाज पर सीधे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में पिछले कुछ सालों से आम जनता सिर्फ परेशान हो रही है। इस सरकार में अमीर और अमीर होते जा रहे हैं। जनता की जेब खाली हो रही है। यह सरकार की नीतियों की सबसे बड़ी नाकामी है।

महंगाई से मिडिल क्लास बेहाल

एलपीजी सिलेंडर के बढ़ते दाम और महंगाई पर तन्खा ने खुलकर भड़ास निकाली। उन्होंने पीएम मोदी के पुराने दावों को याद दिलाया। तन्खा बोले, प्रधानमंत्री देश को विश्वगुरु बताते थे। बड़ी-बड़ी चुनौतियां खत्म करने की बात करते थे। लेकिन आज नतीजा क्या है? महंगाई आसमान छू रही है। मिडिल क्लास के लिए यह सबसे बड़ी मुसीबत का समय है।

See also  लॉकडाउन में बिजली विभाग ने राहत की जगह भेजी आफत: बिना रीडिंग वाले मार्च माह का बिजली बिल पांच से आठ गुना! लोग परेशान

छत्तीसगढ़ से पुराना नाता, बताया दूसरा घर

राजनीतिक हमलों के बीच तन्खा ने छत्तीसगढ़ के लिए अपना प्यार भी जताया। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ मेरे दूसरे घर जैसा है। जब मैं जबलपुर में वकालत करता था, तब छत्तीसगढ़ के लोग वहां केस के सिलसिले में आते थे। बिलासपुर और रायपुर के चौक-चौराहों से मेरा पुराना नाता है। यहां आकर मुझे बहुत सुकून मिलता है।

रोटरी के कार्यक्रम में बांटेंगे अवॉर्ड

सांसद ने बताया कि उनका यह दौरा पूरी तरह निजी है। रोटरी क्लब उनका पैशन है। आज रायपुर के होटल में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के रोटरी लीडर्स को सम्मानित किया जाएगा। इस खास कार्यक्रम में नेपाल से रोटरी इंटरनेशनल के डायरेक्टर भी रायपुर पहुंचे हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।