Mumbai YouTuber FIR: मुंबई में एक यूट्यूबर पर 55 वर्षीय फोटोग्राफी टीचर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े का पति बताकर वीडियो प्रसारित करने का आरोप लगा है। भायखला निवासी टीचर की शिकायत पर कालाचौकी पुलिस ने अज्ञात यूट्यूबर और उसके gk-shorts-videos नाम के चैनल के खिलाफ मानहानि और फर्जी खबर फैलाने के मामले में FIR दर्ज की है।
वहीं इस मामले में पुलिस अब IP एड्रेस और अन्य डिजिटल सबूतों के जरिए चैनल चलाने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।
WhatsApp पर पड़ोसी ने भेजा वीडियो
पीड़ित टीचर को 26 अगस्त को उनके एक पड़ोसी ने WhatsApp पर वीडियो का लिंक भेजा। वीडियो में टीचर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े का पति बताया गया था। आरोप है कि वीडियो में उनके नाम, शिक्षा, पेशे, धर्म, शौक और परिवार से जुड़ी निजी जानकारियों का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा टीचर और मेयर के साथ वाली भ्रामक तस्वीरें भी वीडियो में लगाई गई थीं। वीडियो देखने के बाद टीचर ने इसे लेकर आपत्ति जताई और 27 अगस्त को कालाचौकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज की FIR
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने gk-shorts-videos नाम से चल रहे YouTube चैनल के खिलाफ मामला दर्ज किया। फिलहाल चैनल चलाने वाले व्यक्ति की पहचान सामने नहीं आई है। पुलिस की टेक्निकल टीम डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है। इसमें चैनल से जुड़े IP एड्रेस समेत दूसरे डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पीड़ित टीचर ने पुलिस को वीडियो के स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं।
निजी जानकारी के इस्तेमाल की भी जांच
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वीडियो में टीचर से जुड़ी निजी जानकारी और तस्वीरें कहां से हासिल की गईं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और चैनल संचालक की पहचान होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


