टीआरपी। Negligence in cleaning work, : राजधानी के विविध मोहल्लों में सफाई कार्य करने के लिए ठेकेदार निर्धारित संख्या में कर्मियों को तैनात करते हैं, ताकि सफाई व्यवस्था दुरूस्त हो सके। इसके विपरीत जोन 3 के वार्ड 12 और 30 में सफाई ठेकेदार ने कम कर्मचारी लगा रखे थे। निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मचारी कम पाए जाने पर ठेकेदार पर 13 और 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाकर चेतावनी दी गई है।
जुर्माना के साथ नोटिस
नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने जोन 3 के वार्ड 12 और 30 की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्धारित से कम ठेका सफाई कर्मचारी ड्यूटी पर मिले। सफाई ठेकेदार पर वार्ड 12 में 25 हजार और वार्ड 30 में 13 हजार का जुर्माना नोटिस और भविष्य के लिए चेतावनी दी।
38 में से 13 कर्मचारी ही कार्यरत रहे
नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी डा. पाणीग्रही ने जोन 3 के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया कि कालीमाता वार्ड क्रमांक 12 में निर्धारित 38 में से 13 ठेका सफाई कर्मचारी ड्यूटी पर पाए गए। संबंधित सफाई ठेकेदार पर 25 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। जोन 3 के शंकर नगर वार्ड क्रमांक 30 में निर्धारित 38 में से 25 ठेका सफाई कर्मचारी ड्यूटी पर पाए गए, जिस पर सफाई ठेकेदार पर 13 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
दोबारा मनमानी होने पर करेंगे ठेका निरस्त
ठेकेदारों को नोटिस देकर चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित सफाई कर्मचारियों को कार्य पर नहीं लगाए जाने की पुनरावृति होती है तो सफाई ठेकेदारों का ठेका निरस्त कर दिया जाएगा। निरस्त करने संबंधी प्रस्ताव भेजने का निर्देश नगर निगम जोन 3 के जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन कुमार ताण्डी को दिया गया है।


